


– इंडिया नज़र ब्यूरो, रुद्रपुर – पंतनगर एयरपोर्ट की सुरक्षा को लेकर पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-ऊधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखा है।
श्री भट्ट ने अपने पत्र में कहा है कि नवंबर 2026 तक पंतनगर एयरपोर्ट RCS (Regional Connectivity Scheme) उड़ान योजना के तहत संचालित होगा, और इस दौरान इसकी सुरक्षा राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। वर्तमान में यहां अंतरराष्ट्रीय मानकों के आधार पर एयरपोर्ट का निर्माण कार्य जारी है, जिसमें बाउंड्री वॉल और अन्य संरचनात्मक कार्य प्रारंभ हो चुके हैं। सरकार पहले ही लगभग 800 एकड़ भूमि एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को सौंप चुकी है।

हालांकि, सांसद ने सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि स्वीकृत 75 सुरक्षा पदों में से केवल 21 पद भरे हुए हैं। उन्होंने बताया कि पैरामीटर वॉच टॉवर और एयरपोर्ट सुरक्षा दीवार पर कोई सुरक्षा कर्मी तैनात नहीं है, जबकि 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था यहां आवश्यक है।
CISF की तैनाती नवंबर 2026 से पहले संभव नहीं है, क्योंकि राज्य सरकार का एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के साथ अनुबंध उसी समय तक है। ऐसे में श्री भट्ट ने शेष रिक्त पदों को तुरंत भरने की मांग की है, ताकि यात्रियों और एयरपोर्ट की सुरक्षा में कोई चूक न हो।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि हवाई यात्रियों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए जनहित में स्वीकृत पदों के अनुसार सुरक्षा कर्मी लगाया जाना बेहद आवश्यक है।





















