

– सुषमा हालदार की ऐतिहासिक जीत, ठुकराल की ‘राजनीतिक वापसी’ का प्रभावशाली ट्रेलर
– इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर – ऊधम सिंह नगर की खानपुर पूर्व सीट से जिला पंचायत सदस्य पद पर निर्दलीय प्रत्याशी सुषमा हालदार ने एकतरफा मुकाबले में 8500 से अधिक मतों से जीत दर्ज कर प्रदेश की राजनीति में नई लकीर खींच दी है। यह जीत सिर्फ सुषमा के नाम दर्ज नहीं होती — यह ठुकराल परिवार की राजनीतिक साख, जनसमर्थन और नेतृत्व की पुनर्पुष्टि भी है।
राजनीतिक विश्लेषकों की राय है कि इस जीत ने स्पष्ट कर दिया है कि राजकुमार ठुकराल और उनके भाई संजय ठुकराल को क्षेत्र में नज़रअंदाज़ करना अब किसी भी पार्टी के लिए आसान नहीं रहेगा। संगठनात्मक समीकरण, जातीय ध्रुवीकरण और राजनीतिक खेमेबाज़ी को जनता ने पूरी तरह नकार दिया है।

“यह सोच की जीत है, न कि सिर्फ व्यक्ति की” – राजकुमार ठुकराल
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा “यह जीत किसी एक नेता की नहीं, उस सोच की है जो जनता के बीच रहकर, ज़मीन पर काम करती है। संगठन चाहे जो भी चाल चले, जनता का फैसला आखिरी होता है।”
उन्होंने आगे कहा “यह सिर्फ एक पंचायत चुनाव नहीं, बल्कि आने वाले दिनों की राजनीति का ट्रेलर है। यदि राष्ट्रीय दल ज़मीनी नेताओं को दरकिनार करते रहेंगे, तो ‘कैची’ जैसे प्रतीक ही ‘कमल’ और ‘हाथ’ जैसे राष्ट्रीय चिन्हों को मात दे देंगे।”
भाजपा को बड़ा झटका — ‘बंगाली समाज’ ने दिखाया आत्मबल
इस चुनाव में सत्ताधारी भाजपा और अन्य दलों ने पूरी ताकत झोंकी थी, लेकिन बंगाली समाज से आने वाली सुषमा हालदार की ज़मीन से जुड़ी छवि और ठुकराल परिवार की जनसंपर्क शैली ने सभी रणनीतियाँ ध्वस्त कर दीं। यह जीत जाति, धर्म या दल से परे जनता की आवाज़ बनी। सुषमा हालदार की जीत महिलाओं के लिए भी एक प्रेरणादायक संदेश है।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा “यह सिर्फ राजनीतिक संदेश नहीं, बल्कि महिलाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक ठोस कदम है। नेतृत्व के मामले में अब महिलाएं पीछे नहीं रहेंगी।”
ठुकराल ने स्पष्ट कहा कि यह जीत एक आंदोलन की शुरुआत है “अब यह जीत का कारवां यहीं नहीं रुकेगा। हम मुद्दों और सच्चे वादों के साथ जनता के लिए संघर्ष करते रहेंगे।”
उन्होंने जनहित में निरंतर सक्रिय रहने का संकल्प भी दोहराया और यह संकेत दिया कि आने वाले विधानसभा चुनावों में भी वे बड़ी भूमिका में दिख सकते हैं।






















