| इंडिया नज़र ब्यूरो,किच्छा – प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित 50 हजार मीट्रिक टन गेहूं क्रय सीमा के तहत किच्छा की नई मंडी में आज विधिवत खरीद प्रक्रिया का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मंडी पहुंचकर किसानों के गेहूं की तौल कराकर खरीद प्रक्रिया की शुरुआत कराई।
शुभारंभ के दौरान आज़ादनगर निवासी लक्ष्मण खुग्गर एवं गिद्धपुरी निवासी किसान रिजवान के गेहूं की तौल कर प्रक्रिया को औपचारिक रूप से शुरू किया गया। इस मौके पर मंडी परिसर में किसानों और जनप्रतिनिधियों की अच्छी-खासी मौजूदगी रही।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में किसानों के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 50 हजार मीट्रिक टन गेहूं क्रय सीमा निर्धारित किया जाना क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी राहत है। इससे किसानों की उपज का समयबद्ध क्रय सुनिश्चित होगा और उन्हें फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य समय पर मिले और मंडियों में पारदर्शी व सरल व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। नई मंडी किच्छा में खरीद प्रक्रिया शुरू होने से किसानों में उत्साह का माहौल है और अब वे बिना किसी बाधा के अपनी उपज बेच सकेंगे।
इस अवसर पर उपस्थित किसानों और कार्यकर्ताओं ने भी मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय किसान हित में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे क्षेत्र के हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान एसएमआई ओमनारायण मिश्रा, एसएमओ सीमा रावत, क्रय-विक्रय समिति अध्यक्ष मूलचंद राठौर, दक्षिणी किच्छा किसान सेवा सहकारी समिति के संचालक नरेंद्र बागवानी, किसान मोर्चा अध्यक्ष अमरीक सिंह मंड, मंडल अध्यक्ष गोल्डी गोराया, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष मयंक तिवारी, किसान संघ जिला अध्यक्ष कृष्ण कान्हा तिवारी, प्रदेश मंत्री सुधीर शाही, शुभाशीष बिष्ट, मंगत चुग, दीपक सिंह, छत्रपाल कश्यप, नितिन वाल्मीकि, बबलू कश्यप, पूरन भट्ट, गफ्फार खान, नारायणपुर किसान सेवा सहकारी समिति के उपाध्यक्ष नारायण पाठक, नीरज खुग्गर सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।





















