


किच्छा – जिला पंचायत चुनाव प्रचार अब पूरे शबाब पर है। इसी क्रम में वार्ड नंबर 17, भंगा सीट से जिला पंचायत सदस्य पद की प्रत्याशी एवं निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष रेनू गंगवार के समर्थन में आज हरियाणा की मशहूर डांसर और एक्ट्रेस सपना चौधरी ने एक भव्य रोड शो किया, जिसने शहर की सड़कों पर उत्साह और जनसैलाब की लहर ला दी।
हजारों की भीड़, सपना की एक झलक पाने को उमड़ा जनसैलाब –
जैसे ही रेनू गंगवार के समर्थन में सपना चौधरी का रोड शो शुरू हुआ बरा से सड़कों पर हजारों लोग उमड़ पड़े। तपती दोपहर में भी लोग घंटों इंतज़ार करते रहे, सिर्फ सपना चौधरी की एक झलक पाने के लिए। सड़क के दोनों ओर युवा, महिलाएं और बुजुर्ग हाथों में मोबाइल लिए सपना को कैमरे में कैद करने की कोशिश करते नजर आए। उनके स्वागत में फूलों की वर्षा हुई और रेनू गंगवार के समर्थन में नारे गूंजने लगे।
सपना चौधरी रेनू गंगवार के साथ एक खुली जीप में खड़ी होकर लोगों का अभिवादन करती नजर आईं। उन्होंने हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन किया और जमकर उत्साह बढ़ाया। इस दौरान जगह-जगह लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, लेकिन भीड़ का जोश कम नहीं हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

जनसभा में सपना का संबोधन: विकास और वादे की बात-
रोड शो के बाद आयोजित जनसभा में सपना चौधरी ने जनता को संबोधित करते हुए रेनू गंगवार की सराहना की। उन्होंने कहा: “रेनू गंगवार ने अपने कार्यकाल में कई ऐतिहासिक काम किए हैं, उन्होंने हर वर्ग की महिलाओं, युवाओं और किसानों के लिए काम किया है। मैं अपील करती हूं कि आप उन्हें फिर से मौका दें, कप प्लेट चुनाव चिन्ह पर बटन दबाकर उन्हें विजयी बनाएं।”
सपना चौधरी ने मंच से वादा भी किया कि यदि रेनू गंगवार चुनाव जीतती हैं, तो वे क्षेत्र में एक भव्य सांस्कृतिक शो करेंगी। इस वादे पर जनता ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया। सपना चौधरी ने मौजूद लोगो की मांग पर दो गानो को गाकर सुनाया। जिससे लोगो ने तालिया बजाई।


पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद का जोशीला संबोधन –
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद ने जनता को संबोधित करते हुए कहा:“रेनू गंगवार ने मेरे अनुभव और मार्गदर्शन में काम करते हुए भंगा क्षेत्र में विकास की नई मिसाल कायम की है। वो नारी शक्ति की प्रतीक हैं। आज जब जनता सपना चौधरी के साथ खड़ी है, तो ये साफ है कि रेनू की जीत तय है।”
पति सुरेश गंगवार का भावुक अंदाज –
रेनू गंगवार के पति सुरेश गंगवार ने मंच से कहा “रेनू ने न केवल एक पत्नी, मां और बहू की भूमिका निभाई है, बल्कि जनता की नेता बनकर हर वर्ग के साथ खड़ी रहीं। उन्होंने दिन-रात मेहनत कर इस क्षेत्र को तरक्की की राह पर डाला है। अब वक्त है कि जनता उनका साथ दे और फिर से विजयी बनाए।”

पुत्र कृष्णा गंगवार का युवाओं से सीधा संवाद –
रेनू गंगवार के बेटे कृष्णा गंगवार, जो खुद युवा हैं, ने मंच से खासकर युवाओं से संवाद करते हुए कहा: “मेरी मां ने जिस तरह से महिलाओं के स्वावलंबन और युवाओं की शिक्षा व खेल को बढ़ावा दिया है, वो काबिल-ए-तारीफ है। मैं युवाओं से कहता हूं – आज एक ऐसा नेता चुनिए जो आपके भविष्य की चिंता करता है। और वो नाम है – रेनू गंगवार।”
समर्थकों में जोश, माहौल चुनावी उत्सव में बदला –
पूरा माहौल एक चुनावी उत्सव में तब्दील हो गया। मंच पर रेनू गंगवार, सपना चौधरी और गंगवार परिवार के साथ स्थानीय कार्यकर्ता, वरिष्ठ नागरिक और महिलाएं मौजूद रहीं। चारों ओर कप प्लेट चुनाव चिन्ह की बैनर, पोस्टर और नारों ने माहौल को जीवंत कर दिया।
यह रोड शो निश्चित रूप से रेनू गंगवार के प्रचार अभियान को एक नई धार देने वाला साबित हुआ है। अब देखना होगा कि यह ऊर्जा चुनाव के नतीजों में कितनी झलकती है।






















