


उत्तराखण्ड निवास में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा ने राज्य निर्माण के अमर शहीदों एवं देश के लिये सर्वाेच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उत्तराखण्ड की मजबूत नींव रखने वाले पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को भी राज्य की जनता की ओर से नमन किया।
उन्होंने कहा कि राज्य में बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जिससे प्रदेश की समग्र प्रगति को गति मिली है। प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में 30 से अधिक नीतियां लागू की गई हैं। इससे उत्तराखण्ड सर्वांगीण विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। आज हमारा प्रदेश वेडिंग डेस्टिनेशन, साहसिक पर्यटन, फिल्म निर्माण के एक बड़े हब के रूप में उभर रहा है। 38वें राष्ट्रीय खेलों का अभूतपूर्व आयोजन उत्तराखण्ड में हुआ।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाबा केदार की धरती से कहा था, ‘तेज गति से हो रहे आधारभूत सुविधाओं के विकास और राज्य सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णयों को देखते हुए 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखण्ड का होगा और उत्तराखण्ड जितनी ऊंचाइयों पर बसा है, वह उससे भी अधिक ऊंचाइयों को हासिल कर रहा है। गौरीकुंड से केदारनाथ और गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक रोपवे निर्माण परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद तीर्थयात्रियों को आवगमन के लिए सुगमता होगी और प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। चारधाम यात्रा उत्तराखण्ड की आर्थिकी का एक प्रमुख आधार है।
श्री टम्टा ने आगे कहा कि दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेस–वे के पूरा होने के बाद दिल्ली से देहरादून का सफर केवल दो से ढाई घंटे में पूरा किया जा सकेगा। ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। जल्द ही पहाड़ में रेल का सपना साकार होने जा रहा है। जौलीग्रान्ट और पंतनगर एयरपोर्ट को अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने के लिए कार्य गतिमान है।
उत्तराखण्ड पहला ऐसा राज्य बन गया है, जिसने समान नागरिक संहिता को लागू किया। राज्य सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए हर क्षेत्र में तेजी से कार्य किये जा रहे हैं। सरकारी नौकरियों में राज्य की बेटियों को 30 प्रतिशत का क्षैतिज आरक्षण देकर हर विभाग में उनका उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए महिला स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख तक का ऋण बिना ब्याज के दिया जा रहा है। लखपति दीदी योजना के अंतर्गत उत्तराखण्ड एक लाख से अधिक महिलाएं लखपति बन चुकी हैं। राज्य सरकार ने सख्त भू–कानून लागू किया जिससे भू–माफियाओं पर नकेल कसने का काम किया जाएगा।
राज्यमेंप्रतियोगीपरीक्षाओंमेंपारदर्शितासुनिश्चितकरनेकेलिएप्रतियोगीपरीक्षाअध्यादेश-2023 लागू किया गया है। योग्य युवाओं के पक्ष में लागू किया गया यह कानून बेहद सख्त है, जिसमे नकल करने पर 10 वर्ष तक की कैद और 10 लाख तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है। श्री टम्टा ने उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रदेश के सर्वांगीण विकास में देवभूमि की देवतुल्य जनता का आशीर्वाद उन्हें मिलता रहा है और उनके नेतृत्व में प्रदेश लगातार विकास की ओर बढ़ रहा है। रजत जयंती वर्ष 2025 तक उत्तराखण्ड देश के अग्रणी राज्य के रूप में अपनी पहचान बना लेगा।






















