

– पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड के ईनामी अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत की गयी है गिरफ्तारी।
– अपराध करने के बाद बिहार के शेखपुरा में जाकर छिप गया था ईनामी, विगत 10 वर्षों से चल रहा था फरार
रुद्रपुर – उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले की पुलिस अब फरार अपराधियों पर भी कहर बनकर टूट रही है। पिछले दस सालो यानी वर्ष 2014 से रुद्रपुर के संजय नगर खेड़ा में खेड़ा में एक महिला की हत्या करके उसके शव को प्लास्टिक की टंकी के अन्दर छुपा दिया गया था। इस हत्या के मामले में मृतका की माँ ने रुद्रपुर कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया था।
राज्य के पुलिस महानिदेशक द्वार ईनामी और वांछित अपराधियों के विरुद्ध मुहीम चलाने के निर्देश दिए गए थे। जिस पर एसएसपी मणिकांत मिश्रा द्वारा फरार अपराधियों के विरुद्ध पुलिस एवं एसटीएफ द्वारा एक टीम गठित की गई थी।

उत्तराखण्ड एसटीएफ व रुद्रपुर कोतवाली पुलिस द्वारा एक ज्वाइंट ऑपरेशन में थाना रुद्रपुर के पचास हज़ार रूपये के ईनामी अपराधी अरविन्द यादव पुत्र कैलाश यादव निवासी हनुमानगंज थाना अरियारी जनपद शेखपुरा बिहार के अरियरी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अपराधी के ऊपर कोतवाली रुद्रपुर में 9 अगस्त 2014 को हत्या का मुकदमा दर्ज है। जो पिछले करीब 10 वर्षों से फरार चल रहा था। इस अपराधी पर ईनाम घोषित किया गया था , जिसके बाद यह बिहार, हैदराबाद, गुजरात व मुंबई में छिपकर रह रहा था।
पिछले कई दिनों से उक्त ईनामी अपराधी की गिरफ्तारी हेतु प्रयास किये जा रहे थे, परन्तु ईनामी बार-बार अपनी लोकेशन चेंज कर रहा था। मोबाइल नम्बर भी बदल रहा था। लेकिन पिछले कई दिनों से उसकी लोकेशन बिहार के शेखपुरा जिले में आने पर एक टीम गिरफ्तारी हेतु बिहार के लिए रवाना की गयी थी। टीम द्वारा कल इस ईनामी अपराधी को शेखपुरा जिले के अरियारी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसे ट्रांजिट रिमांड के जरिये लाकर कोतवाली रुद्रपुर में दाखिल किया गया है।
गिरफ्तार अपराधी द्वारा वर्ष 2014 को रुद्रपुर निवासी एक महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गयी थी और उसके शव को एक प्लास्टिक की टंकी में छिपाकर फरार हो गया था। तब से लगातार पुलिस की आँखों में धूल झोकता रहा था। पकड़े जाने के डर से वह बिहार से भागकर गुजरात, हैदराबाद व मुंबई में छिपकर रह रहा था और कभी कभार रात-बेरात अपने घऱ आता था। जिस पर मुकदमा कोतवाली रुद्रपुर में पंजीकृत है।
उक्त मामले की विवेचना रुद्रपुर कोतवाली द्वारा की गयी थी। लेकिन अभियुक्त हाथ नही आया था, पुलिस द्वारा उसके घर की कुर्की कर उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया था। हत्यारोपी अपना नाम बदलकर गौरव रखकर एक राज्य से दूसरे राज्यों में छिपता फिर रहा था। जिस पर 30 दिसम्बर,2017 को ईनाम घोषित किया गया था । इसे गिरफ्तार करने वाली टीम में एसटीएफ निरीक्षक एम0पी0 सिंह, सब इंस्पेक्टर केजी मठपाल और उनकी टीम जबकि रुद्रपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी, उप निरीक्षक मोहन चन्द्र जोशी एवं इनकी टीम पमुख थी।




















