
किच्छा – ”आने वाली पीढियों को स्वच्छ वातावरण देना हम सब की जिम्मेदारी है, इसके लिये पर्यावरण को सुरक्षित रखना भी ज़रूरी है। पर्यावरण बचेगा तो हम बचेंगे,जीव जंतु बचेंगे। अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर हम आने वाले खतरे से आने वाली पीढ़ी को बचा सकते है।”
उक्त विचार पंडित राम सुमेर शुक्ला मेमोरियल फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से ग्राम भंगा में आयोजित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने व्यक्त किये।
उन्होंने कहा कि मानव जीवन के लिए पृथ्वी पर पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ वायु और स्वच्छ जल होना जरुरी है। मानव जनित गतिविधियों एवं वृक्षों के अंधाधुंध कटान के कारण आज पर्यावरण के लिए बहुत बड़ा खतरा पैदा हो गया है। अगर इन दोनों चीजों को स्वच्छ रखना है तो मानव को स्वयं इसके लिए जागृत होना होगा।

श्री शुक्ला ने कहा कि इसी उद्देश्य को लेकर किच्छा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भंगा में पंडित राम सुमेर शुक्ला मेमोरियल फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिससे प्रेरणा लेकर ग्राम वासी अधिक से अधिक वृक्षारोपण करे।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि स्वच्छ जल और वायु जीवन जीने का मुख्य आधार है। इसके बिना पृथ्वी पर मानव जीवन कभी भी जीवंत नहीं रह सकता, लेकिन आज मानव जीवन के इन दोनों के आधार के अस्तित्व पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। पर्यावरण की सुरक्षा व संरक्षा में सरकार के साथ साथ समाज की भागीदारी जरूरी है। जिसके लिए पंडित राम सुमेर शुक्ला मेमोरियल फाउंडेशन ट्रस्ट आम जनता को इसके प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चला रही है। पंडित राम सुमेर शुक्ला मेमोरियल फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा पूरे क्षेत्र में 10 हजार से अधिक फलदार एवं छायादार पौधों का वृक्षारोपण करेगा।
आप को बता दे कि इस अभियान का शुरुआत बीते दिनों महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय पंडित राम सुमेर शुक्ला की पत्नी जानकी देवी ने की थी, अब पंडित राम सुमेर शुक्ला मेमोरियल फाउंडेशन ट्रस्ट गांव गांव जाकर लोगों को वृक्षारोपण करने के लिए प्रेरित कर रही है एवं निशुल्क पौधों का वितरण कर प्रधानमंत्री के कथन ‘एक पेड़ मां के नाम’ मुहिम को सफल बनाने के लिए प्रयासरत है।





















