

रूद्रपुर – उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में नैनीताल-ऊधम सिंह नगर लोकसभा सीट के चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारी भीड़ को सम्बोधित करते हुए कहा कि ”दस साल में देश की जनता ने सिर्फ ट्रेलर देखा है अभी बहुत कुछ करना बाकी है। अगली सरकार में और भी बड़े फैसले होंगे, भ्रष्टाचार के खिलाफ और भी बड़ा प्रहार होगा।”
मोदी मैदान में आयोजित विजय शंखनाद रैली में मोदी को सुनने और देखने भारी भीड़ उमड़ी थी। जिसे देख कर भाजपा नेता प्रफुल्लित थे। पूरा मैदान भाजपा के झंडे बैनरो से पता हुआ था।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंच से मां नंदा देवी, गोल्ज्यू, श्री राज राजेश्वरी को जयघोष उच्चारित करने के साथ ही कुमांऊनी भाषा में सबका हाल भी पूछा। उन्होंने कहा कि पंडाल के बाहर धूप में जो लोग तप रहे हैं उनसे क्षमा चाहता हूं। आपको विश्वास दिलाता हूं कि जो आप धूप में तप रहे हैं ये आप की तपस्या बेकार नहीं जाने दूंगा। मैं इसे विकास करके लौटाउंगा।

प्रधानमंत्री ने कहा बीते दस वर्षों में जितना विकास उत्तराखण्ड का हुआ है उतना आजादी के बाद के साठ पैसठ साल में भी नहीं हुआ। उत्तराखण्ड हर प्रकार की आधुनिक कनेक्टविटी से जुड़ रहा है। उत्तराखण्ड में भाजपा सरकार ने गरीबों को 85 हजार पक्के घर बनाकर दिये हैं। 12 लाख लोगों के घरों तक पानी के कनेक्शन पहुंचाये हैं। यहां भाजपा सरकार ने साढ़े पांच लाख से ज्यादा शौचालयों का निर्माण कराया है। पांच लाख से ज्यादा महिलाओं को उज्जवला गैस योजना का मुफ्रत कनेक्शन दिया गया है। करीब तीन लाख लोगों को स्वामित्व योजना के तहत उनकी प्रोपर्टी के कार्ड दिये गये हैं। उत्तराखण्ड के 35 लाख लोगों के पास पहले बैंक में खाते भी नहीं थे। 35 लाख लोगों के खाते खोलकर उन्हें बैंक से जोड़ा है। भाजपा सरकार ने उत्तराखण्ड के छोटे किसानों के खातों में 2 हजार 200 करोड़ रूपये ज्यादा सीधे भेजे हैं। ये सूची बहुत लम्बी है। लेकिन इतने सारे काम तब होते हैं जब नीयत सही होती है। इसलिए मैं कहता हूं नीयत सही तो नतीजे भी सही।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा आप जानते हैं मोदी ने भारत को दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक ताकत बनाने की गारंटी दी है। यहां एम्स का सेटेलाइट सेंटर बनेगा। अब तीसरे टर्म में एक और बड़ा काम होने जा रहा है, मेरा लक्ष्य है कि आपको चौबीस घंटों बिजली मिले और बिजली का बिल जीरो हो और बिजली से कमाई भी हो। इसके लिए पीएम सूर्यघर मुफ्रत बिजली योजना शुरू की है। इसके अंतर्गत छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए सरकार मदद दे रही है। इससे एक मध्यम वर्गीय परिवार की तीन सौ यूनिट बिजली मुफ्रत मिलेगी और ज्यादा बिजली होगी तो सरकार उसे खरीदेगी।
जनसभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा उत्तराखण्ड की पांचों सीटों पर भारी बहुमत से जीतकर 400 पार के लक्ष्य को पूरा किया जायेगा। सीएम धामी ने कहा कि पिछले दस वर्षाे के कार्यकाल में पीएम मोदी ने अपना हर पल भारत माता को समर्पित किया किया।
भारत पुनः विश्व गुरू बनने की ओर अग्रसर हो रहा है। वर्ष 2014 के बाद पीएम मोदी ने कई ऐतिहासिक फैसले लिए है। तीन तलाक, 370 हटाने, आतंकवाद और भ्रष्टचार केखिलाफ कठोर कार्यवाही की गई है।
जनसभा में मंच पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी,प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट,राज्य प्रभारी दुष्यंत गौतम,नैनीताल लोकसभा भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट,अल्मोड़ा लोकसभा भाजपा प्रत्याशी अजय टम्टा,पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा,कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा,नरेन्द्र बंसल, विधायक शिव अरोरा,विधायक अरविन्द पाण्डे,विधायक त्रिलोक सिंह चीमा,बलराज पासी,भाजपा प्रदेश मंत्री विकास शर्मा आदि मौजूद थे।

मोदी को भेंट किये गये स्मृति चिन्ह
रूद्रपुर – जनसभा में मंच पर प्रधानमंत्री मोदी को कई स्मृति चिन्ह भेंट किये गये। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री मोदी को विशाल शंख देते हुये स्वागत किया। जबकि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने टोपी पहनाते हुये ओम पर्वत का स्मृति चिन्ह भेंट किया। जबकि भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटीयाल, सीमा सरकार, रश्मि रस्तोगी,ऊषा चौधरी, विधाायक सरिता आर्य, रेनू अधिकारी, मोहनी पोखरियाल ने स्मृति चिन्ह के रूप में ऐपण का चित्र भेट किया। अल्मोड़ा लोकसभा के प्रत्याशी अजय टम्टा द्वारा अल्मोड़ा की कला और नैनीताल लोकसभा प्रत्याशी अजय भट्ट द्वारा नीम करौली बाबा की तस्वीर को प्रधानमंत्री मोदी को स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट किया गया।
जाते जाते निकाला रोड शो से जीता दिल
रूद्रपुर – प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनसभा से जाते जाते रोड शो करके लोगों का दिल जीत गये। जनसभा को सम्बोधित करने के पश्चात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने काफिले के साथ पुलिस लाईन के लिये रवाना हुये। ज्यों ही श्री मोदी सभा स्थल से बाहर निकले चारों ओर मोदी मोदी के जयकारे लग रहे थे। लोगों का उत्साह देखकर मोदी खुद को रोक नहीं पाये और उन्होंने अपने वाहन में खड़े होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और हाथ जोड़कर आर्शीवाद मांगा। मोदी मैदानसे लेकर ट्रांजिट कैम्प मोड़,संजय नगर,खेड़ा, दरिया नगर, रोडवेज,डीडी चौक, नैनीताल मार्ग के दोनों ओर हजारों की संख्या में लोग प्रधानमंत्री की झलक पाने के लिए बेताब नजर आये। मार्ग में अनेक स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा के साथ श्री मोदी को विदा किया। मोदी ने भी जनता का हाथ हिलाते हुये उनका अभिवादन किया। हालाकि प्रधानमंत्री मोदी की इच्छा रोड शो के दौरान बीच में रूकने की भी थी लेकिन सुरक्षा कारणों से वह रोड शो के दौरान लोगों से नहीं मिल पाये।





















