

रूद्रपुर – भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट के समर्थन में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि होली तो मना ली गई है, लेकिन लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद उत्तराखंड की जनता दीवाली मनायेगी।
गांधी पार्क में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने यह बात कही। नैनीताल- ऊधम सिंह नगर लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट के नामांकन के बाद एक चुनावी रैली को सम्बोधित कर रहे थे।

श्री धामी ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह चुनाव प्रदेश और देश की तकदीर बदलेगा। सीएम धामी ने दावा किया कि हमारी जीत तय है, अब प्रतियोगिता इस बात की है कि कौन सीट पर जीत का अंतर सबसे बड़ा होगा। सीएम धामी ने कहा कि इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट का पांच लाख से अधिक मतों से जीतना तय है। सीएम धामी ने कहा कि मैं हर लोकसभा क्षेत्र में होकर आया हूं। लोग 19 अप्रैल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लोगों में इस बात को लेकर भारी उत्साह है कि तीसरी बार नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अजय भट्ट रिकार्ड मतों से लोकसभा में पहुंचेंगे। भारत दुनिया की बहुत बड़ी शक्ति बनने वाला है। हम सब जानते हैं कि उत्तराखण्ड के साथ पीएम मोदी का जो लगाव है वो किसी से छिपा नहीं है। कोई ऐसा अवसर नहीं है जब उन्होंने उत्तराखण्ड का जिक्र नहीं किया है। उत्तराखण्ड और यहां के लोगों को प्रोत्साहित करने का काम प्रधानमंत्री लगातार कर रहे हैं। उत्तराखण्ड उनके हृदय में बसता है। इसी लिए आज उत्तराखण्ड में कई परियोजनाएं धरातल पर उतरी हैं। आज नरेन्द्र मोदी हर वर्ग को सशक्त बना रहे हैं, उन्होंने हर वर्ग के उत्थान की गारंटी दी है। किसान, नौजवान, महिलाएं सबको सशक्त बनाने का काम किया जा रहा है।

हमारा राज्य उनके मार्गदर्शन हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री की प्रेरणा से हमने यूसीसी सबसे पहले लागू किया, नकल विरोधी कानून बनाया, अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाकर सरकारी भूमि को मुक्त कराया गया है। मातृ शक्ति को नौकरी में तीस प्रतिशत आरक्षण दिया है। लखपति दीदी के रूप में आज महिलाएं आत्म निर्भर हो रही है। भाजपा सरकार ने दंगा रोकने के लिए कड़ा कानून बनाया है। इन्ही सब कार्यों के दम पर भाजपा प्रदेश में इस बार हैट्रिक बनायेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अभी आप लोगों ने होली मनाई है अब चार जून को दीपावली मनाने के लिए तैयार रहें। सीएम धामी ने कहा कि अजय भट्ट कर्मशील और जुझारू हैं वो लगातार यहां जनता के बीच रहे हैं और जनता के लिए हमेशा सर्वसुलभ हैं। मुख्यमंत्री धामी ने अजय भट्ट को भारी मतों से विजयी बनाने का आहवान किया।
सभा में भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट ने कहा कि वह तो पहली बार के सांसद थे। फिर भी उन्हे इतना स्नेह दिया कि पहली लिस्ट में ही उनका नाम दे दिया गया। सभा में उपस्थित अपार जनसमूह से प्रसन्न श्री भट्ट ने कहा कि आप लोगों के प्यार और स्नेह ने भी दिखा दिया है। श्री भट्ट ने अपने सम्बोधन के अन्त में कहा कि नैनीताल और ऊधमसिंहनगर की जनता का प्यार और स्नेह इसी तरह उन्हे मिलता रहे।
जनसभा में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमेश पोखरियाल,पूर्व सीएम विजय बहुगुणा, महामंत्री संगठन अजेय कुमार,दर्जा मंत्री बलराज पासी, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, पूर्व मंत्री बंशीधर भगत, रूद्रपुर विधयक शिव अरोरा,काशीपुर त्रिलोक सिंह चीमा,नैनीताल विधयक श्रीमती सरिता आर्या, भीमताल के विधयक राम सिंह कैड़ा, लालकुंआ विधयक डॉ- मोहन सिंह विष्ट, गोविन्द सिंह,,पूर्व मंत्री अरविंद पाण्डे, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह विष्ट, प्रदेश मंत्री विकास शर्मा, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, जिलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा, विवेक सक्सेना, उत्तम दत्ता,खतीब अहमद, ललित मिगलानी समेत तमाम भाजपाई मौजूद थे।





















