
– विक्की रस्तोगी
नई दिल्ली – सुप्रीम कोर्ट में हाल ही में नियुक्त हुए नौ नए न्यायाधीशों को प्रधान न्यायाधीश एनवी रमना ने आज(मंगलवार) को शपथ दिलाई।यह भारत के इतिहास का पहला अवसर था जब नौ जजों को एक साथ शपथ दिलाई गई। नौ जजों में तीन महिला न्यायाधीश भी शामिल है। शपथग्रहण समारोह सुप्रीम कोर्ट के अतिरिक्त भवन परिसर के सभागार में आयोजित किया गया।
देश और सुप्रीम कोर्ट के इतिहास का यह प्रथम मौका था जब नौ न्यायाधीशों को एक साथ शपथ दिलाई गई।
आमतौर पर नवनियुक्त जजों को शपथ सीजेआई के कोर्ट रूम में दिलाई जाती है। इन नौ जजों के शपथ के बाद सुप्रीम कोर्ट में सीजेआई रमना सहित जजों की संख्या बढ़कर 33 हो जाएगी। जबकि स्वीकृत संख्या 34 है। शपथ समारोह का डीडी न्यूज,डीडी इंडिया और लाइव वेबकास्ट का सीधा प्रसारण किया गया।
जिन न्यायाधीशों ने ली शपथ उनके नाम
सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों के रूप में पद की शपथ लेने वाले नौ नए न्यायाधीशों में शामिल हैं- न्यायमूर्ति अभय श्रीनिवास ओका, न्यायमूर्ति विक्रम नाथ, न्यायमूर्ति जितेंद्र कुमार माहेश्वरी, न्यायमूर्ति हिमा कोहली और न्यायमूर्ति बीवी नागरत्ना, न्यायमूर्ति सीटी रविकुमार, न्यायमूर्ति एमएम सुंदरेश, न्यायमूर्ति बेला एम त्रिवेदी और पीएस नरसिम्हा* शामिल है।





















