
– नीरज मेहता
धारचूला – उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी धारचूला पहुंचे जहाँ उन्होंने आपदा ग्रस्त क्षेत्रों के साथ ही जुम्मा गांव के हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर धामी एसएसबी केंप में जुम्मा के जामुनी तोक के आपदा प्रभावित ग्रामीणों से मिले व शोक संवेदना व्यक्त की। पीड़ित परिवारों को राहत राशि चार-चार लाख रुपए का चेक मृतक के परिजनों को दिए, साथ ही मुख्यमंत्री ने घायलों को 1-1 लाख रुपए की धनराशि देने की घोषणा की।

इस दौरान आपदा प्रभावितों ने मुख्यमंत्री को अपनी पीड़ा बताई और उनसे मदद मांगी। मुख्यमंत्री धामी ने आपदा प्रभावितों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जुम्मा की घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार आपदा प्रभावितों को राहत पहुंचाने के साथ ही क्षेत्र में बंद पड़ी सभी सड़कों को जल्द से जल्द खोलने के लिए प्रयासरत है।
उन्होंने का कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता आपदा प्रभावितों तक खाद्यान्न और दवाई पहुंचाने की है। साथ ही उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कनेक्टविटी बेहतर करने के लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर कार्य किया जायेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ क्षेत्रीय सांसद अजय टम्टा भी मौजूद रहे।





















