– मुन्ना अंसारी
लालकुआँ – स्थानीय अभिसूचना इकाई के आरक्षी के द्वारा यदि समय रहते त्वरित कार्रवाई नही की गई होती तो 3 मई को अप्रिय घटना घट सकती थी। इस घटना में सही समय पर अभिसूचना इकाई के आरक्षी द्वारा की गई कार्यवाही को देखते हुए नैनीताल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रीति प्रियदर्शिनी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर के सम्मानित किया।
गौरतलब है कि 3 मई को सायं करीब सात बजे 25 एकड़ मार्ग पर डौली रेंज कार्यालय के निकट निर्मल पुत्र कालीचरण देवनाथ निवासी बंडिया किच्छा जनपद ऊधमसिंहनगर द्वारा दो नाबालिग बच्चियों को उक्त स्थान के पास पार्क किये गये एक ट्रक में ले जाकर अश्लील हरकत की गई। दोनों बच्चियों के चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पास के 40-50 लोगों द्वारा आरोपी युवक को मारने का प्रयास किया गया।
इस दौरान तुरंत मौके पर पहुंचे स्थानीय अभिसूचना उप इकाई के आरक्षी खुशाल बिष्ट के द्वारा स्थानीय एक अन्य नागरिक की मदद से आरोपी युवक को भीड़ से बचाकर थाना लालकुंआ पुलिस के सुपुर्द किया गया तथा घटना के बारे में तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना देकर सराहनीय कार्य किया। जिससे क्षेत्र में अप्रिय घटना होने से बची। आरक्षी खुशाल बिष्ट के इस सराहनीय कार्य को देखते हुए आज बहुउद्देश्य भवन मे एसएसपी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।





















