बाजपुर – नगर पालिकाध्यक्ष गुरजीत सिंह ने क्षेत्र में वैक्सीनेशन सेंटर को बढ़ाए जाने और ब्लैक फंगस महामारी का इलाज सरकारी अस्पतालों में कराए जाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपा। उन्होंने मुख्यमंत्री से तत्काल मांगों को पूर्ण किए जाने की मांग की है।
बता दें कि बाजपुर नगर पालिका अध्यक्ष गुरजीत सिंह सभासदों के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे। जहां पालिकाध्यक्ष गुरजीत सिंह ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपा। इस दौरान गुरजीत सिंह ने कहा कि बाजपुर में 18 वर्ष से अधिक उम्र वाले और 45 वर्ष से अधिक उम्र वाले लोगों को वैक्सीन लगाने के लिए मात्र एक ही वैक्सीनेशन सेंटर है। जहां भारी मात्रा में लोग पहुंच रहे हैं, जिससे सोशल डिस्टेंसिंग का पालन होता दिखाई नहीं दे रहा है।
इस दौरान उन्होंने बाजपुर नगर क्षेत्र में 5 वैक्सीनेशन सेंटर बनवाए जाने की मांग की है, साथ ही उन्होंने कहा कि कोरोनावायरस के साथ-साथ ‘ब्लैक फंगस’ बीमारी भी अपना प्रकोप दिखा रही है। जिसका इलाज बेहद महंगा है। उन्होंने प्रदेश सरकार से प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में ब्लैक फंगस का इलाज उपलब्ध कराने की मांग की है। स्वास्थ्य केंद्र में ब्लैक फंगस का इलाज होने से लोगों को काफी राहत मिलेगी।





















