
– अज़हर मलिकबाजपुर – बाजपुर के गुरुद्वारा सिंह सभा में किसानों द्वारा चलाए जा रहे कोविड केयर सेंटर और ऑक्सीजन के लंगर को प्रशासन द्वारा बंद करने का प्रयास किया जा रहा है। जिसको लेकर प्रशासन द्वारा किसान नेताओं के साथ गुरुद्वारा सिंह सभा में वार्ता की गई। इस दौरान किसानों ने बाजपुर में कोविड केयर सेंटर बनाने की प्रशासन से बात कही।
बता दें कि कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए स्थानीय प्रशासन द्वारा बाजपुर में अभी तक कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज करने के लिए कोविड केयर सेंटर नहीं बनाया गया है। लोगों की जिंदगी को बचाने के लिए किसान नेता जगतार सिंह बाजवा द्वारा निजी संस्था के सहयोग से गुरुद्वारा सिंह सभा में ऑक्सीजन का लंगर और कोविड केयर सेंटर बनाया गया है। लेकिन किसान नेताओं द्वारा बनाए गए कोविड केयर सेंटर को बंद करने के लिए स्थानीय प्रशासन लगातार किसान नेताओं पर दबाव बना रहा है। जिसको लेकर एसडीएम विवेक प्रकाश पुलिस प्रशासन के साथ गुरुद्वारा सिंह सभा में पहुंचे। जहां उन्होंने किसान नेताओं से कोविड केयर सेंटर को बिना अनुमति के चलाने की बात करते हुए बंद करने की बात कही।
इस दौरान किसान नेताओं ने बाजपुर में प्रशासन द्वारा कोविड केयर सेंटर बनाने के बाद किसानों द्वारा किए जा रहे कार्य को बंद करने पर विचार करने की बात कही। इस दौरान किसान नेता जगतार सिंह बाजवा ने कहां की राजनीतिक दबाव के चलते स्थानीय प्रशासन जनहित के कार्य को बंद करने का प्रयास कर रहा है जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं एसडीएम विवेक प्रकाश ने किसानों को अनुमति लेने के बाद कोविड केयर सेंटर चलाने की बात कही है।





















