
– अज़हर मलिककाशीपुर – कोरोनावायरस लोगों के लिए इतनी मुसीबतें लेकर आया है जिसके कारण लोग दिन प्रतिदिन टूटते जा रहे हैं तो वही धरती पर जिन्हें भगवान का दर्जा दिया जाता है, आज वही हैवानियत पर उतर आए हैं। जो पहले लोगों की जान को बचा कर खुशियां दिया करते थे. आज वही कोरोना काल में आपदा को अवर बनाते हुए लोगों की जेब को खाली कर रहे हैं। लेकिन प्रशासन मात्र टीम गठित कर कार्यवाही करने की बात करता है।
जिस भगवान ने इस दुनिया को बनाया है आज उसे भी धरती पर हो रहे अत्याचार पर रोना आ रहा होगा, क्योंकि यह कलयुग के समय में धरती पर भगवान कहे जाने वाले डॉक्टर कोरोना जैसी महामारी के समय में हैवान बने बैठे है। जिन्हें लोगों की जिंदगी की कोई परवाह नहीं है लेकिन मात्र अपनी जेब भरने से मतलब है। यही कारण है कि आज के समय में लोगों का डॉक्टर के ऊपर विश्वास उठता जा रहा है।
मामला काशीपुर के आयुष्मान हॉस्पिटल से जुड़ा है। जहाँ अस्पताल प्रबंधन द्वारा कोरोना मरीजो के परिजनों से मरीज का इलाज करने के नाम पर तय मानकों के विपरीत मोटी रकम वसूल की जा रही है। जिसको लेकर लगातार लोगों द्वारा प्रशासन से कार्यवाही की मांग की गई, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने किसी की एक नहीं सुनी। अस्पताल द्वारा किए जा रहे अवैध वसूली के खेल को बंद कराए जाने की समाजसेवी गगन कांबोज ने कई बार मांग की लेकिन कार्यवाही करना तो दूर एक अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर मुआयना तक नहीं किया। जिससे परेशान होकर गगन कांबोज ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया जिसे देखकर प्रशासन हरकत में आ गया है।
काशीपुर के आयुष्मान हॉस्पिटल में कोरोना मरीजों का इलाज करने के नाम पर की जा रही अवैध वसूली को लेकर जब स्थानीय प्रशासन से बात की गई, तो उन्होंने एक टीम गठित कर कार्यवाही करने की बात कही है। एसडीएम गौरव कुमार ने कहा कि फ्लाइंग स्कॉट टीम बनाई गई है। जिसमें सीओ, एसडीएम ओर डॉक्टर मौजूद रहेंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि बीते दिनों प्रशासन ने कार्यवाही करते हुए काशीपुर के हॉस्पिटल पर मुकदमा भी दर्ज किया गया था। उन्होंने कहा कि लोगों की शिकायतें मिल रही हैं जिस पर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। वही नोडल अधिकारी डॉ अमरजीत सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर आयुष्मान हॉस्पिटल पर कई आरोप लग रहे हैं जिसको लेकर टीम बनाई गई है और जल्द कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।





















