
– उवेस सिद्दीक़ी
हल्द्वानी – नैनीताल जैसे जिले की कमान सँभालने वाली जिले की एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी पूरे एक्शन में है। कोरोना की दूसरी लहर को रोकने के लिये वो कोरोना कर्फ्यू को कड़ाई से पालन कराने के लिए खुद ही मैदान में उतरी हुई है। देर रात जब वो अचानक शहर का जायज़ा लेने पहुंची तो कुछ पुलिस कर्मियों द्वारा कोविड कर्फ्यू का सही ढंग से पालन न कराने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और पुलिस के अधिकारियों को बुलाकर जमकर फटकार लगाई।
इस दौरान एसएसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कर्फ्यू के दौरान अनावश्यक रूप से घूमने वाले लोगों के खिलाफ सख्ती से कारवाई कर मुकदमा दर्ज किया जाये। उन्होंने कहा कि शहर में कर्फ्यू के नियमों का उल्लंघन कर लोग बेवजह वाहनों से घूम रहे हैं, उन्हें रोका जाये। उन्होंने पुलिसकर्मियों को सख्त चेतावनी दी कि जो भी अधिकारी और पुलिसकर्मी ड्यूटी में लापरवाही करता हुआ पाया जायेगा उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जायेगी।
गौरतलब है कि कोविड कर्फ्यू को सख्ती से लागू कराने के लिए एसएसपी रोजाना खुद मैदान में उतर कर मोर्चा संभाल रही हैं। 3 दिन पहले जहां एसएसपी ने तीन पुलिसकर्मी द्वारा चेकिंग ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर उनको सस्पेंड कर दिया था, ऐसे में अब सभी पुलिस कर्मियों को चेतावनी दी है कि जो भी पुलिसकर्मी लापरवाही बरतता हुआ पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





















