
– अज़हर मलिक
रुद्रपुर – कोतवाली क्षेत्र में नाबालिक से जिस्म फरोशी कराने का मामला सामने आया है। नाबालिक से जिस्म फरोशी कराने वाले एक आरोपी सहित एक ग्राहक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है। साथ ही नाबालिक को चाइल्ड हेल्प लाइन को सुपुर्द किया गया है।

रूद्रपुर कोतवाली पुलिस ने नाबालिक से अनैतिक देह व्यापार कराने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल की टीम को सूचना मिली थी, कि हंस बिहार कालोनी फेस 1 भूरारानी में जिस्म फरोशी का धंधा किया जा रहा है। जिस पर टीम द्वारा दबिश दी तो एक घर से राकेश रोशन निवासी ग्राम हिम्मतपुर गे बुआ थाना कालाढूंगी जिला नैनीताल हाल निवासी हंस बिहार कॉलोनी ओर जितेंद्र कुमार ग्राम जिगना थाना मीरगंज बिहार हाल निवासी ट्रांजिट कैम्प को गिरफ्तार किया है।
साथ ही एक नाबालिक को कस्टडी में लेते हुए चाइल्ड हेल्प लाइन को सुपुर्द किया गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी राकेश रोशन ने बताया कि वह पिछले कई दिनों से नाबालिक से देह व्यापार करा रहा है। जब मौके पर छापेमारी की गई तो मौके पर पुलिस ने संचालक राकेश रोशन और ग्राहक जितेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियो को कोर्ट में पेश किया गया।





















