

– उवेस सिद्दीक़ी
हल्द्वानी – सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिये इन दिनों पीजीआई के छात्रों द्वारा नुक्कड़ नाटकों के ज़रिये ट्रैफिक नियमो के प्रति लोगो को जागरूक किया जा रह है। छात्रों के नुक्कड़ नाटकों को देखने काफी लोग दिलचस्पी ले रहे है। साथ ही वो ट्रैफिक नियमो को भी समझ रहे है।
‘नुक्कड़ नाटक’ का मंचन करने वाले पीजीआई के छात्रों का कहना है कि अधिकतर सड़क हादसे ट्रेफिक नियमो का सही से पालन न करने की वजह से होते है। अगर हम लोगो को यातायात के प्रति सचेत करेंगे और उन्हें जागरूक करेंगे तो इससे काफी हादसों को रोका जा सकता है। हम यह भी बता रहे है कि किस तरह हम नियमों का पालन कर अपने जीवन को दुर्घटनाओं से बचा सकते हैं।

नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट का प्रयोग करने और चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने के साथ ही गाड़ी की गति पर नियंत्रण रखने और अनावश्यक रूप से तेज गाड़ी ना चलाने की नसीहत भी दी।
शहर के मुख्य स्थानों पर छात्रों ने नुक्कड़ नाटको की प्रस्तुति देकर लोगों को सड़क दुर्घटना से होने वाले नुकसान से भी रूबरू कराया। कुल मिलाकर छात्रों का यह प्रयास सराहनीय रहा। आयोजक छात्रों का कहना है कि आगे भी यह दल ऐसे ही आयोजन करके लोगो के बीच जागरूकता फैलाता रहेगा।





















