– विधायक शिव अरोरा ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश
– इंडिया नज़र ब्यूरो,
– इंडिया नज़र ब्यूरो, रुद्रपुर – शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विधायक शिव अरोरा ने कलेक्ट्रेट परिसर में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण और त्रिशूल चौक से मेडिकल कॉलेज तक प्रस्तावित 8 लेन सड़क परियोजना की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
विधायक ने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि दीपावली के तुरंत बाद डीडी चौक से गाबा चौक तक काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण का कार्य शुरू किया जाए। इसके लिए पेड़ों के कटान, बिजली और जल संस्थान से जुड़े जरूरी कार्य दीपावली से पहले पूरे करने को कहा गया।

वहीं, त्रिशूल चौक से डीडी चौक तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य को दीपावली से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए। डीडी चौक से 31वीं पीएसी तक दूसरे चरण के कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि आगे के निर्माण कार्यों को पूरा करने के लिए तीन माह की समयसीमा निर्धारित की गई है।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखते हुए तय समय में परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में एडीएम पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता गजेंद्र कुमार, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता राजीव चक्रवर्ती व किशोर पंत तथा जल संस्थान के अधिशासी अभियंता बदरे आलम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



















