– 5,322 मतदाताओं के फॉर्म-7 जनरेट; प्राप्त 4,787 आपत्तियों में सिर्फ 147 आवेदन स्वीकृत, बाकी निरस्त
– इंडिया नज़र ब्यूरो गदरपुर – विधानसभा क्षेत्र-65 गदरपुर में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के तहत विसंगतियों और प्राप्त आपत्तियों पर नियमानुसार सुनवाई की प्रक्रिया पूरी की गई। विधानसभा क्षेत्र में कुल 1,39,588 मतदाताओं के सापेक्ष 52,653 विसंगति नोटिस जारी किए गए थे। प्रेस नोट के अनुसार, नोटिस के आधार पर नियमानुसार सुनवाई के बाद 47,331 मतदाताओं को अंतिम प्रकाशन के लिए स्वीकृत किया गया। वहीं, सुनवाई के दौरान अनुपस्थित रहने अथवा नियमानुसार आवश्यक साक्ष्य प्रस्तुत नहीं करने वाले 5,322 मतदाताओं के फॉर्म-7 जनरेट किए गए हैं। इसमें 28 सितंबर को जनरेट किए गए 1,980 प्रारूप-7 भी शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त मतदाता सूची को लेकर प्रारूप-7 (Form-7) के तहत कुल 4,787 आपत्तियां प्राप्त हुई थीं। इन आपत्तियों पर भी पृथक रूप से नियमानुसार सुनवाई की गई। सुनवाई के बाद इनमें से केवल 147 प्रारूप-7 आवेदन स्वीकृत किए गए, जबकि शेष सभी आवेदन निरस्त कर दिए गए। प्रेस नोट में स्पष्ट किया गया है कि जो मतदाता अनुपस्थित रहने अथवा समुचित साक्ष्य उपलब्ध नहीं करा पाने के कारण मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं करा पाए हैं, वे आवश्यक साक्ष्य संलग्न कर फॉर्म-6 के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं।
सभी बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को भी निर्देश दिए गए हैं कि अंतिम प्रकाशन के बाद भी यदि कोई मतदाता साक्ष्य के अभाव में मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं करा पाया है, तो उससे आवश्यक साक्ष्य प्राप्त कर नियमानुसार फॉर्म-6 भरवाते हुए मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों के अनुसार, मतदाताओं को नाम जोड़ने की प्रक्रिया के लिए आवश्यक दस्तावेजों और साक्ष्यों के साथ नियमानुसार आवेदन करने का अवसर उपलब्ध रहेगा।

















