– इंडिया नज़र ब्यूरो बाजपुर/रुद्रपुर – उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की साइबर कुमाऊं यूनिट ने ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए SIM Box के जरिए संचालित किए जा रहे एक अवैध टेलीकॉम गेटवे का भंडाफोड़ किया है। STF के अनुसार, राज्य में पहली बार इस तरह के अवैध SIM Box टेलीकॉम गेटवे के खिलाफ कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 114 Airtel SIM कार्ड, 2 SIM Box, 77 एंटीना, इंटरनेट राउटर, मोबाइल फोन और बड़ी संख्या में अन्य टेलीकॉम उपकरण बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के साइबर अपराध मुक्त उत्तराखंड के संकल्प और पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड दीपम सेठ के दिशा-निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन हॉटस्पॉट के तहत की गई। STF के मुताबिक, साइबर कुमाऊं टीम को बाजपुर क्षेत्र में एक मकान से SIM Box के जरिए अवैध टेलीकॉम गेटवे संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद STF की टीम ने दूरसंचार विभाग (DoT) के संपर्क और तकनीकी इनपुट के आधार पर बाजपुर के मुड़िया, ईदगाह के पास स्थित एक मकान पर दबिश दी।

दबिश के दौरान मौके से कादिर पुत्र जाबिर अली, उम्र करीब 24 वर्ष, निवासी मिलक जुम्मावाली, ग्राम बेरखेड़ा चक, थाना भगतपुर, जनपद मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी मकान में SIM Box के माध्यम से अवैध टेलीकॉम गेटवे संचालित कर रहा था। STF की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी SIM Box के जरिए विदेशी तथा इंटरनेट आधारित VoIP कॉल को भारतीय लोकल मोबाइल कॉल के रूप में परिवर्तित कर रहा था। इसके चलते कॉल प्राप्त करने वाले व्यक्ति के मोबाइल पर वास्तविक विदेशी नंबर के बजाय भारतीय मोबाइल नंबर दिखाई देता था।
पुलिस के अनुसार, इस तकनीक का इस्तेमाल कॉल करने वाले की वास्तविक पहचान और लोकेशन छिपाने के लिए किया जा सकता है। जांच में यह भी सामने आया कि गेटवे में अलग-अलग व्यक्तियों की पहचान का कथित दुरुपयोग कर हासिल किए गए SIM कार्डों का इस्तेमाल किया जा रहा था। प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर STF ने आरोपी के संपर्क बांग्लादेश के साइबर अपराधियों से होने की जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी उनके माध्यम से आर्थिक लाभ प्राप्त कर रहा था। आरोपी ने पूछताछ में इस अवैध गेटवे को करीब सात माह से संचालित किए जाने की बात बताई है। STF अब आरोपी के विदेशी संपर्कों, साइबर नेटवर्क, बैंक खातों और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की गहनता से जांच कर रही है।

STF के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी साइबर अपराधियों से संपर्क रहा है। वर्ष 2023 में थाना कटघर, जनपद मुरादाबाद में SIM Box के जरिए अवैध टेलीकॉम गेटवे संचालित करने के मामले में उसे गिरफ्तार किया जा चुका है। वर्तमान में वह उस मामले में जमानत पर बताया गया है। आरोपी के खिलाफ थाना कटघर, मुरादाबाद में दर्ज मामलों में FIR संख्या 250/2023 के तहत धारा 420, 467, 468, 471 IPC तथा भारतीय तार अधिनियम, 1885 की संबंधित धाराएं शामिल हैं। इसके अलावा FIR संख्या 541/2023 के तहत गैंगस्टर अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज है।

STF के अनुसार SIM Box का इस्तेमाल साइबर अपराधों में कई तरह से किया जा सकता है। जांच में इसके संभावित इस्तेमाल के तौर पर विदेशी या VoIP कॉल को भारतीय नंबर के रूप में प्रदर्शित करना, कॉलर की वास्तविक पहचान और लोकेशन छिपाने का प्रयास, दूसरे व्यक्तियों के दस्तावेजों पर जारी SIM कार्डों का इस्तेमाल तथा डिजिटल अरेस्ट और फर्जी अधिकारी बनकर की जाने वाली साइबर ठगी जैसे मामलों में उपयोग की संभावना सामने आई है। पुलिस का कहना है कि अवैध टेलीकॉम गेटवे के जरिए टेलीकॉम कंपनियों और सरकार को राजस्व का नुकसान भी पहुंच सकता है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। STF की टीम में निरीक्षक अरुण कुमार, निरीक्षक एम.पी. सिंह समेत करीब एक दर्जन पुलिसकर्मी शामिल रहे।
STF के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि SIM Box जैसी तकनीक के माध्यम से अपनी पहचान छिपाने वाले साइबर अपराधियों के खिलाफ आधुनिक साइबर फॉरेंसिक और तकनीकी संसाधनों की मदद से प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

















