– इंडिया नज़र ब्यूरो | किच्छा — समाज सेवा और जनकल्याण के उद्देश्य से नवगठित ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन की ओर से मेट्रोपोलिस मॉल में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के विशेषज्ञों ने लोगों की स्वास्थ्य जांच की, जबकि 35 लोगों ने रक्तदान कर महादान में योगदान दिया।
कार्यक्रम में किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, डॉ. जसविंदर गिल समेत शहर के कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और एनजीओ प्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने आयोजक दीपक पांडे को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए जन्मदिन को समाजसेवा के रूप में मनाने के प्रयास की सराहना की।

शिविर में एलोपैथी के साथ होम्योपैथी, दंत चिकित्सा, न्यूरो थेरेपी और आयुर्वेद की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही लोगों को अंगदान के प्रति भी जागरूक किया गया। कात्यायनी मेडिकल सेंटर हॉस्पिटल और शहीद उधम सिंह मेमोरियल ब्लड सेंटर ने शिविर में सहयोग किया।
डॉ. जसविंदर गिल ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि युवाओं में समाजसेवा की भावना बढ़ रही है और ऐसे आयोजन स्वास्थ्य एवं जीवन रक्षा के लिए महत्वपूर्ण हैं। फाउंडेशन की फाउंडर ममता पांडे ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर तक जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सहायता पहुंचाना है।

कार्यक्रम के दौरान सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। वहीं, दोपहर में फाउंडेशन की टीम ने गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को भोजन भी वितरित किया। सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चले इस आयोजन को फाउंडेशन की कोर टीम और स्वयंसेवकों ने मिलकर सफल बनाया।




















