– इंडिया नजर ब्यूरो | हल्द्वानी – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में हल्द्वानी कोतवाली सभागार में पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र श्रीमती निवेदिता कुकरेती की अध्यक्षता में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ आमजन की समस्याओं और सुझावों का समाधान करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान आईजी कुमाऊं ने ‘देवभूमि का सुरक्षा कवच’ अभियान के तहत लोगों को साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और नशामुक्त उत्तराखंड को लेकर जागरूक किया।

उन्होंने साइबर ठगी से बचाव के लिए 1930 हेल्पलाइन, cybercrime.gov.in पोर्टल और मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी। साथ ही डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश, एआई आधारित साइबर अपराध और म्यूल अकाउंट जैसे नए साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील की।
महिला एवं बाल सुरक्षा के तहत जीरो एफआईआर, SOS, लाइव लोकेशन, महिला हेल्पलाइन-181, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 सहित विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी गई। सड़क सुरक्षा को लेकर गोल्डन ऑवर, राह-वीर योजना, ANPR कैमरे और ई-चालान व्यवस्था के बारे में भी बताया गया।

नशे के खिलाफ ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत ऑपरेशन प्रहार और नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति की जानकारी देते हुए आईजी ने लोगों से नशे के कारोबार की सूचना 1800-137-7001 (Dial Against Drugs) अथवा MANAS पोर्टल पर देने की अपील की।
जनसंवाद के दौरान व्यापार मंडल, सामाजिक संगठनों, वरिष्ठ नागरिकों, शिक्षण संस्थानों और स्थानीय नागरिकों ने विभिन्न समस्याएं एवं सुझाव पुलिस महानिरीक्षक के समक्ष रखे। आईजी ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समयबद्ध समाधान का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।




















