– विद्युत, जल संस्थान और पीडब्ल्यूडी ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली, अतिक्रमण हटते ही शुरू होंगे निर्माण कार्य
– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – रुद्रपुर के विधायक शिव अरोरा ने काशीपुर बाईपास निर्माण को लेकर सोशल मीडिया और विभिन्न माध्यमों से फैलाई जा रही भ्रांतियों पर स्पष्ट प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अतिक्रमण हटाओ अभियान पूरी तरह नियमानुसार और बजट स्वीकृत होने के बाद ही शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि बिना बजट के कार्रवाई होने संबंधी दावे पूरी तरह निराधार और भ्रामक हैं।
विधायक ने बताया कि 5 अगस्त को जिला प्रशासन के सहयोग से काशीपुर बाईपास मार्ग पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पहले से तय कार्यक्रम के तहत की गई। इससे पूर्व प्रभावित व्यापारियों को लोक निर्माण विभाग की ओर से नोटिस दिए गए थे तथा चार दिन पहले मुनादी कर 4 अगस्त तक स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर भी दिया गया था।
उन्होंने बताया कि विद्युत विभाग ने 4 फरवरी 2026 को ई-निविदा आमंत्रित की थी। सभी तकनीकी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद 10 अप्रैल 2026 को टेंडर खोलकर मैसर्स परफेक्ट इलेक्ट्रॉनिक्स को बिजली के पोल और लाइन शिफ्टिंग का कार्य सौंपा गया। विभाग ने जहां स्थान उपलब्ध था वहां पोल लगाने और लाइन शिफ्टिंग का कार्य भी शुरू कर दिया था, लेकिन अतिक्रमण के कारण कार्य बीच में रुक गया।
इसी प्रकार जल संस्थान ने 25 मार्च 2026 को पाइपलाइन शिफ्टिंग के लिए ई-टेंडर जारी किया था। प्रक्रिया पूरी होने के बाद 5 मई 2026 को तीन अलग-अलग 700-700 मीटर के कार्यों के लिए मैसर्स कृष्णा ट्रेडर्स, मैसर्स मुकेश कुमार कॉन्ट्रेक्टर और मैसर्स जियाउद्दीन कॉन्ट्रेक्टर को कार्यादेश जारी किए गए। हालांकि अतिक्रमण न हटने के कारण यह कार्य भी शुरू नहीं हो सका।
विधायक शिव अरोरा ने बताया कि 23 जून 2026 को काशीपुर बाईपास निर्माण के लिए 13.72 करोड़ रुपये की धनराशि का शासनादेश जारी किया गया था। इसके बाद 25 जून 2026 को लोक निर्माण विभाग ने ई-निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी। अब अतिक्रमण हटने के साथ ही विद्युत विभाग, जल संस्थान और पीडब्ल्यूडी अपने-अपने निर्माण कार्य शुरू करेंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहे हैं। सभी विभागों ने बजट स्वीकृति के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार टेंडर, कार्यादेश और अन्य औपचारिकताएं पूरी की हैं। ऐसे में बिना बजट के कार्रवाई होने की बातें तथ्यहीन हैं।
विधायक ने कहा कि काशीपुर बाईपास का निर्माण पूरा होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और आम जनता के साथ-साथ व्यापारियों को भी इसका दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।




















