– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की आगामी 8 अगस्त को हल्द्वानी में प्रस्तावित जनसभा को ऐतिहासिक बनाने और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) को सफल बनाने के उद्देश्य से बुधवार को रुद्रपुर के सिटी क्लब में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनसभा की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सुरक्षित रखने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता हल्द्वानी रैली में शामिल होंगे। इसके लिए लगभग 20 बसों और 100 कारों की व्यवस्था की जाएगी। पार्टी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों को रैली में शामिल कराने की जिम्मेदारी भी दी गई। बैठक में कहा गया कि हल्द्वानी रैली के माध्यम से कांग्रेस प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियों पर अपनी बात जनता के बीच रखेगी तथा संगठन की मजबूती का प्रदर्शन करेगी।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) पर भी विस्तार से चर्चा हुई। तय किया गया कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता और बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) संबंधित बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर मतदाता सूची का गहन परीक्षण करेगा। इस दौरान विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न हटे। कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन कराने और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहयोग करने का आह्वान किया गया।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि 8 अगस्त की हल्द्वानी रैली संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरे उत्साह और एकजुटता के साथ रैली में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि बूथ स्तर का कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत होता है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी ने कहा कि रैली की तैयारियों के साथ-साथ एसआईआर अभियान को भी पूरी गंभीरता से लेना होगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम सुरक्षित रहना चाहिए और इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी रैली को सफल बनाने, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान प्रत्येक पात्र मतदाता के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक में रैली के रुद्रपुर प्रभारी विजय भुड्डी, एसआईआर के सह प्रभारी नारायण हाल्दार, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण सिंह नेगी, संदीप चीमा, नासिर अली, परवेज कुरैशी, बाबू खान, रिजवान, अशफाक अंसारी, गौरव गिरि, राजू कोली, कलीम अहमद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




















