– इंडिया नज़र ब्यूरो,रुद्रपुर – ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार देर रात स्वयं निजी वाहन से हाईवे पर चल रही पुलिस चेकिंग का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी में गंभीर लापरवाही सामने आने पर एसएसपी ने तत्काल कड़ी कार्रवाई करते हुए 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया, जबकि 4 अन्य पुलिसकर्मियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
जानकारी के अनुसार, देर रात पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि पंतनगर क्षेत्र में एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो में सवार कुछ युवकों ने एक व्यक्ति पर फायरिंग की है और वाहन काशीपुर की ओर जाते हुए देखा गया है। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम द्वारा थाना पंतनगर सहित रुद्रपुर से जसपुर बॉर्डर तक सभी थाना प्रभारियों को हाईवे पर तत्काल नाकाबंदी कर सघन वाहन चेकिंग के निर्देश दिए गए।
इसी दौरान एसएसपी अजय गणपति ने स्वयं पूरी व्यवस्था की हकीकत जानने का निर्णय लिया और रात करीब 12 बजे निजी वाहन से विभिन्न हाईवे चेकिंग प्वाइंटों का औचक निरीक्षण शुरू कर दिया।
निरीक्षण के दौरान महतोष, सरकड़ी तिराहा, दोराहा तथा परमानन्दपुर हाईवे पर स्थापित चेकिंग प्वाइंटों पर तैनात रात्रि अधिकारी, चीता मोबाइल और गश्ती दल के कई पुलिसकर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थलों से अनुपस्थित मिले। इतना ही नहीं, कुछ पुलिसकर्मियों ने कंट्रोल रूम और वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी गलत लोकेशन भी बताई, जबकि वे निर्धारित स्थान पर मौजूद नहीं थे। इससे चेकिंग व्यवस्था में गंभीर लापरवाही, अनुशासनहीनता और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना स्पष्ट रूप से सामने आई।
मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल प्रभाव से 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित करने तथा 4 अन्य से स्पष्टीकरण तलब करने के आदेश जारी कर दिए।

एसएसपी अजय गणपति का कहना है कि “जनपद में पुलिस की ड्यूटी केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता की सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी है। ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस का प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी पूरी ईमानदारी, सतर्कता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करे। आमजन की सुरक्षा, अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जो भी पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों में लापरवाही बरतेगा, उसके विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।”



















