| इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – दिल्ली में छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई और कथित लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को किच्छा के डीडी चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। विधायक तिलक राज बेहड़ के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उसका पुतला दहन किया और छात्र आंदोलन पर हुई कार्रवाई की कड़ी निंदा की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को उठा रहे छात्रों, महिलाओं और आंदोलन के समर्थकों के साथ बल प्रयोग किया गया, जो लोकतंत्र की मूल भावना के खिलाफ है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और सरकार को संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान करना चाहिए।

इस अवसर पर विधायक तिलक राज बेहड़ ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश में लोकतांत्रिक अधिकारों का लगातार हनन किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में एक माह से आंदोलन कर रहे छात्रों, महिलाओं और उनके समर्थकों के साथ जिस प्रकार का व्यवहार किया गया, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
उन्होंने कहा, “छात्र देश का भविष्य हैं। उनकी आवाज़ को लाठियों और दमन से दबाने का प्रयास किसी भी लोकतांत्रिक सरकार को शोभा नहीं देता। यदि युवा अपने अधिकारों और भविष्य को लेकर अपनी बात रखना चाहते हैं तो सरकार को उनकी बात सुननी चाहिए, न कि उन पर बल प्रयोग करना चाहिए।”
बेहड़ ने आगे कहा, “केंद्र सरकार अहंकार में लोकतांत्रिक मूल्यों को भूल चुकी है। शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों और महिलाओं पर कथित लाठीचार्ज लोकतंत्र पर सीधा हमला है। कांग्रेस पार्टी इस तरह की कार्रवाई का पुरजोर विरोध करती है और छात्रों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।”
उन्होंने कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ हुए कथित व्यवहार की भी आलोचना करते हुए कहा कि विपक्ष की आवाज़ को दबाने का प्रयास लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति का सम्मान होना चाहिए और सरकार को विरोध की आवाज़ को बलपूर्वक दबाने के बजाय संवाद का रास्ता अपनाना चाहिए।
प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से छात्रों पर हुई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
इस अवसर पर कांग्रेस नेता राजेश प्रताप सिंह, भूपेंद्र चौधरी, एन यू खान, पूर्व पालिकाध्यक्ष दर्शन कुमार कोली, छोटे लाल कोली, बंटी पपनेजा, गुलशन सिंधी, जीवन जोशी, संतोष कुमार सिंह, ओम प्रकाश पप्पू, सहित काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।




















