– पुरानी रंजिश में कार से बाइक को मारी टक्कर, हत्या के बाद हादसे का रूप देने की कोशिश नाकाम; जसपुर पुलिस ने बलेनो कार समेत दोनों आरोपियों को दबोचा
– इंडिया नज़र ब्यूरो | जसपुर – ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के सख्त नेतृत्व और अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत जसपुर पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो शातिर हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते कार से मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर युवक की हत्या की और पूरी वारदात को सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया था।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि ठाकुरद्वारा चुंगी के पास खेड़ा रोड पर एक कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी है, जिसमें तीन युवक घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली जसपुर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल के पास नहर में एक क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल मिली, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। हालांकि प्रारंभिक जांच में घायलों के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

अगले दिन 11 जुलाई को मृतक नितिन कुमार के पिता बनारसी दास निवासी मोहल्ला जुलाहन, जसपुर ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी कि उनके पुत्र की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है, जिसे पुष्पेन्द्र चौहान उर्फ मानू निवासी कासमपुर तथा जाकिर गुज्जर निवासी नई बस्ती, जसपुर ने जानबूझकर कार से टक्कर मारकर अंजाम दिया। तहरीर के आधार पर कोतवाली जसपुर में एफआईआर संख्या 278/2026 के तहत धारा 103(1), 351(2), 352 एवं 3(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक काशीपुर और क्षेत्राधिकारी काशीपुर के पर्यवेक्षण में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सूचनाओं के आधार पर लगातार जांच की। जांच के दौरान 12 जुलाई को हाईवे पर घेराबंदी कर घटना में प्रयुक्त बलेनो कार (UP-21 DF-4379) सहित दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि 10 जुलाई को मृतक नितिन कुमार, लविश, हर्ष और उनके साथियों के साथ उनका विवाद हुआ था। बाद में जब तीनों युवक बाइक से खेड़ा रोड की ओर जा रहे थे, तब गुस्से और प्रतिशोध की भावना से उन्होंने बलेनो कार से उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद उन्हें कुचलते हुए मौके से फरार हो गए ताकि घटना सड़क दुर्घटना प्रतीत हो। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कहा कि जनपद में हत्या जैसे जघन्य अपराध करने वाले अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। ऊधम सिंह नगर पुलिस अपराध और अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य कर रही है तथा कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले प्रत्येक अपराधी के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




















