– देहरादून में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को सौंपा पत्र, क्षेत्र के विद्यार्थियों के हित में जल्द कार्रवाई का किया अनुरोध; मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन।
– इंडिया नज़र ब्यूरो | किच्छा – किच्छा विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में क्षेत्रीय विधायक तिलक राज बेहड़ ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए देहरादून में प्रदेश के माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के 15 राजकीय विद्यालयों के उच्चीकरण की मांग दोहराते हुए मंत्री को विस्तृत पत्र सौंपा और शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया।
विधायक बेहड़ ने शिक्षा मंत्री से राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय धौराडाम, सिरौली, रामेश्वरपुर, गिद्धपुरी, किच्छा, खमरिया एवं छिनकी को हाईस्कूल स्तर पर उच्चीकृत करने की मांग रखी। वहीं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बब्बरपुर, तुर्कागौरी, रामनगर, पंतपुरा, नगला, भंगा तथा राजकीय उच्च विद्यालय किच्छा को इंटरमीडिएट स्तर तक उच्चीकृत करने का अनुरोध किया। इसके अलावा राजकीय प्राथमिक विद्यालय आनंदपुर को उच्च प्राथमिक विद्यालय के रूप में विकसित किए जाने की भी मांग की गई।
विधायक बेहड़ ने शिक्षा मंत्री को अवगत कराया कि इस संबंध में उन्होंने पूर्व में भी 2 मई 2023 को पत्र भेजकर विद्यालयों के उच्चीकरण की मांग की थी, लेकिन अब तक इस पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए इस मामले में शीघ्र निर्णय लिया जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पिछले लगभग 20 वर्षों से किसी भी राजकीय विद्यालय का उच्चीकरण नहीं हुआ है, जबकि आबादी लगातार बढ़ रही है। बढ़ती जनसंख्या के अनुपात में हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों की संख्या पर्याप्त नहीं होने के कारण हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को प्रवेश लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
विधायक बेहड़ ने बताया कि किच्छा नगर में वर्तमान में केवल एक राजकीय इंटर कॉलेज है, जहां प्रवेश का अत्यधिक दबाव रहता है। इसके चलते अनेक विद्यार्थियों को प्रवेश से वंचित होना पड़ता है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में हाईस्कूल एवं इंटर कॉलेजों की कमी के कारण विशेष रूप से छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के विद्यालयों में जाना पड़ता है, जिससे उनकी शिक्षा भी प्रभावित होती है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश शासन के समय जिन विद्यालयों का उच्चीकरण हुआ था, उसके बाद किच्छा विधानसभा क्षेत्र में किसी भी विद्यालय का स्तर नहीं बढ़ाया गया, जबकि वर्तमान परिस्थितियों में इसकी आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है। यदि इन विद्यालयों का उच्चीकरण होता है तो ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के हजारों विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए दूसरे स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा।
इस दौरान शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विधायक बेहड़ की मांगों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक रुख अपनाते हुए किच्छा विधानसभा क्षेत्र के सभी प्रस्तावित विद्यालयों के उच्चीकरण के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।




















