– काशीपुर आबकारी विभाग का सघन अभियान जारी, रम्पुरा, ढकिया गुलाबो और गिन्नी खेड़ा में ताबड़तोड़ कार्रवाई; 6 आबकारी मुकदमे दर्ज
– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – तराई क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कच्ची शराब के निर्माण और कारोबार पर लगाम लगाने के लिए आबकारी विभाग ने व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के तहत काशीपुर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर छापेमारी करते हुए अवैध शराब बनाने वाली तीन भट्टियों को ध्वस्त किया गया, लगभग 15 हजार किलोग्राम लहन मौके पर नष्ट किया गया तथा 160 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इस कार्रवाई के दौरान आबकारी अधिनियम के तहत कुल 6 मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
आबकारी आयुक्त एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र सिंह बिष्ट के निर्देशन में क्षेत्र-3 काशीपुर में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री में संलिप्त गिरोहों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना है।

आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम रम्पुरा में छापेमारी के दौरान नाले और खेतों में संचालित अवैध शराब निर्माण के अड्डों का भंडाफोड़ किया। मौके पर संचालित तीन अवैध शराब भट्टियों को नष्ट कर दिया गया। साथ ही शराब बनाने के लिए तैयार किया गया लगभग 15 हजार किलोग्राम लहन भी मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
तलाशी अभियान के दौरान आसपास से करीब 130 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में चार अभियोग दर्ज किए गए हैं।

रम्पुरा में कार्रवाई के बाद आबकारी टीम ने ढकिया गुलाबो और गिन्नी खेड़ा क्षेत्रों में भी दबिश दी। यहां से लगभग 30 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इस मामले में दो आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि तराई क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए लगातार प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी हाल में अवैध शराब के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा।
इस अभियान का नेतृत्व क्षेत्र-3 काशीपुर के आबकारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने किया। उनके साथ उप आबकारी निरीक्षक आशीष सिद्दीकी, प्रधान आबकारी सिपाही कैलाश चंद्र भट्ट, आबकारी सिपाही कृष्ण चंद्र आर्या, सुनीता रानी, सुमन आर्या, नैनिका राणा एवं अंजली गोसाईं सहित विभागीय टीम मौजूद रही।
आबकारी विभाग का कहना है कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के विरुद्ध यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।




















