रुद्रपुर – विधायक शिव अरोरा ने वार्ड संख्या 27 स्थित गांधी कॉलोनी के प्रसिद्ध दक्षिणेश्वर हनुमान मंदिर में विधायक निधि से स्वीकृत 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित हाल (भवन) का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों, स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं ने विधायक का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक शिव अरोरा ने मंदिर परिसर में आयोजित रामायण कथा में भी सहभागिता की तथा क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिर समिति के सदस्यों ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नए हाल के निर्माण से धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के संचालन में काफी सुविधा मिलेगी।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि दक्षिणेश्वर हनुमान मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिवर्ष विशाल श्री बालाजी दरबार सहित अनेक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। मंदिर समिति द्वारा लंबे समय से हाल निर्माण की मांग की जा रही थी, जिसे विधायक निधि के माध्यम से पूरा किया गया है।
उन्होंने कहा कि हाल के निर्माण से श्रद्धालुओं को बैठने की बेहतर सुविधा मिलेगी और भविष्य में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन और अधिक व्यवस्थित ढंग से किया जा सकेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, मंदिर समिति के सदस्य एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विधायक शिव अरोरा का कहना है कि “गांधी कॉलोनी स्थित दक्षिणेश्वर हनुमान मंदिर क्षेत्र की आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। मंदिर समिति की मांग पर विधायक निधि से 5 लाख रुपये की लागत से हाल निर्माण कार्य कराया गया है। हमारा प्रयास केवल सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि धार्मिक स्थलों के विकास और सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आने वाले समय में भी क्षेत्र के धार्मिक एवं सामाजिक स्थलों को और अधिक भव्य एवं सुविधायुक्त बनाने का कार्य जारी रहेगा।”




















