– संवाद अभियान के चौथे दिन 13 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण, गांव-गांव पहुंचकर सुनीं जनसमस्याएं
– इंडिया नज़र ब्यूरो |
किच्छा – विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक तिलक राज बेहड़ ने ग्रामीण संवाद अभियान के चौथे दिन विभिन्न ग्रामों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और करीब 13 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान दोपहरिया और वीरू नगला मार्गों के लिए 1.25 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति मिलने पर ग्रामीणों ने विधायक बेहड़ का फूल-मालाओं से स्वागत कर आभार व्यक्त किया।

ग्रामीणों ने विशेष रूप से ग्राम वीरू नगला में शिवराम के खेत से शीला पंत स्कूल होते हुए श्मशान घाट लिंक मार्ग तक 1550 मीटर लंबाई के प्रीमिक्स कारपेट द्वारा पुनर्निर्माण कार्य के लिए स्वीकृत 79.86 लाख रुपये तथा ग्राम दोपहरिया श्मशान घाट मार्ग के 500 मीटर निर्माण कार्य के लिए स्वीकृत 45.21 लाख रुपये की राशि पर खुशी जताई। राज्य योजना के अंतर्गत दोनों सड़कों पर कुल 1.25 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्माण कार्य कराया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक बेहड़ ने किच्छा पुलभट्टा बस्ती में 3 लाख रुपये की लागत से निर्मित टीन शेड एवं फर्श निर्माण कार्य, 3 लाख रुपये की लागत से निर्मित सड़क निर्माण कार्य, ग्राम अंजनिया में 2.28 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क तथा ग्राम पटेरी में 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित सड़क का लोकार्पण किया।
लोकार्पण कार्यक्रम के बाद विधायक बेहड़ ने ग्रामीणों के साथ जनसंवाद कर उनकी समस्याओं और विकास संबंधी मांगों को सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
ग्रामीण संवाद अभियान के तहत विधायक बेहड़ ने पुलभट्टा, दोपहरिया, अंजनिया, पंतपुरा, पटेरी, गिद्धपुरी और वीरू नगला सहित विभिन्न गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, नाली, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी मांगें उनके समक्ष रखीं।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि विभिन्न गांवों से प्राप्त विकास कार्यों की मांगों को इसी वित्तीय वर्ष में पूरा कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “जनता ने जिस विश्वास के साथ मुझे सेवा का अवसर दिया है, उस विश्वास पर खरा उतरना मेरा दायित्व है। गांव-गांव तक विकास पहुंचाने और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए मैं लगातार कार्य कर रहा हूं और आगे भी करता रहूंगा।”
विधायक बेहड़ के दौरे और नई सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति से क्षेत्र के ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। लोगों का मानना है कि इन कार्यों के पूरा होने से आवागमन की सुविधाएं बेहतर होंगी और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी।



















