– पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने घर पहुंचकर किया सम्मानित, युवाओं और बेटियों के लिए बताया प्रेरणास्रोत
– इंडिया नज़र ब्यूरो, रुद्रपुर – रुद्रपुर की होनहार बेटी मेघा सिंह ने भारतीय वायु सेना की चयन प्रक्रिया में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में तीसरी तथा उत्तराखंड में प्रथम रैंक प्राप्त कर जनपद ऊधमसिंह नगर और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। इस उपलब्धि पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने उनके आवास पहुंचकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
ईश्वर कॉलोनी स्थित मेघा सिंह के निवास पर पहुंचे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने उन्हें सम्मान स्वरूप भगवान गणेश की प्रतिमा भेंट की तथा भारतीय वायु सेना में चयन होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेघा की सफलता केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे रुद्रपुर, ऊधमसिंह नगर और उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है।

ठुकराल ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी चयन प्रक्रिया में पूरे भारत में तीसरी तथा राज्य में प्रथम रैंक प्राप्त करना असाधारण उपलब्धि है। यह मेघा की कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मेघा सिंह ने यह साबित कर दिया है कि स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर प्रयास से किसी भी ऊंचाई को हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और मेघा सिंह की सफलता क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने मेघा के माता-पिता को भी बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे परिवार के संस्कार, त्याग और सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
मेघा सिंह के पिता प्रताप सिंह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में निरीक्षक पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता साधना सिंह गृहिणी हैं। परिवार ने मेघा की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे वर्षों की मेहनत, संघर्ष और समर्पण का परिणाम बताया।
इस अवसर पर मेघा सिंह ने कहा कि भारतीय वायु सेना में चयन होना उनके लिए गर्व और सम्मान का क्षण है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर परिश्रम ही सफलता की वास्तविक कुंजी है। साथ ही युवाओं से सकारात्मक सोच और कठिन परिश्रम के साथ अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया।




















