– इंडिया नज़र ब्यूरो, किच्छा – विधायक तिलक राज बेहड़ ने रविवार को ग्राम जीरो बांदा स्थित गुरुद्वारे में मत्था टेककर अपने ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने ग्राम जीरो बांदा, चीमा लेन, प्रधान लेन, दीवान झाला, बंगाली कॉलोनी तथा कोटखर्रा क्षेत्र में जनसंपर्क कर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
इस दौरान विधायक बेहड़ ने अपनी विधायक निधि से ग्राम जीरो बांदा में लगभग 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित सड़क का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्रवासियों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी और स्थानीय विकास को भी गति मिलेगी।
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, बिजली और अन्य स्थानीय समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। विधायक बेहड़ ने अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि शेष समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि नजीमाबाद ग्राम सभा एवं आसपास के क्षेत्रों में उनके प्रयासों से अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से नजीमाबाद स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसके अलावा क्षेत्र में अनेक सड़कों का निर्माण और विकास कार्य भी पूर्ण किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य क्षेत्र के प्रत्येक गांव और कस्बे तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। आने वाले समय में भी जनहित के विकास कार्यों को और अधिक गति दी जाएगी।
विधायक बेहड़ ने कहा कि पिपलिया चौराहे से सड़क चौड़ीकरण तथा किच्छा में आधुनिक स्टेडियम का निर्माण उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। इन दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं और जनता के सहयोग से इन्हें जल्द पूरा कराया जाएगा।
उन्होंने नागरिकों से आगामी जनगणना में अपनी सही सामाजिक एवं आवासीय स्थिति दर्ज कराने तथा संबंधित सूचियों में अपना नाम सुनिश्चित कराने की अपील की, ताकि भविष्य में उनके अधिकारों और हितों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। साथ ही उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर ग्रामीणों को जागरूक भी किया।
विधायक तिलक राज बेहड़ के विभिन्न ग्रामों में पहुंचने पर ग्रामीणों ने फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य प्रेम आर्य, राजेश प्रताप सिंह ‘मनीष’, विश्वजीत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




















