– 7 जून को (आज) रेडिसन होटल में होगा “GenZ Viewpoint-2026” कार्यक्रम, महापौर विकास शर्मा करेंगे युवाओं से सीधा संवाद
– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – नगर निगम रुद्रपुर द्वारा शहर के विकास और युवाओं की भागीदारी को केंद्र में रखकर एक विशेष संवाद कार्यक्रम “नई सोच, नया रुद्रपुर – GenZ Viewpoint-2026” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 7 जून 2026, रविवार को शाम 5 बजे रेडिसन होटल, रुद्रपुर में आयोजित होगा, जिसमें युवा छात्र, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी, उद्यमी एवं विभिन्न क्षेत्रों के नागरिक भाग लेंगे
कार्यक्रम का उद्देश्य रुद्रपुर के भविष्य को लेकर युवाओं के विचार, सुझाव और नवाचारों को मंच प्रदान करना है। इस संवाद के माध्यम से शहर के विकास के विभिन्न पहलुओं पर खुली चर्चा की जाएगी और युवाओं के दृष्टिकोण को नगर विकास की योजनाओं में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में शिक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं नवाचार, स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षित भविष्य और युवा नेतृत्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। आयोजकों का मानना है कि नई पीढ़ी के विचारों और ऊर्जा को शहर के विकास से जोड़कर रुद्रपुर को एक आधुनिक, स्मार्ट और प्रगतिशील शहर बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ भी अपने विचार रखेंगे और युवाओं को भविष्य की चुनौतियों एवं अवसरों के प्रति जागरूक करेंगे। कार्यक्रम में युवाओं के सुझावों को संकलित कर नगर निगम की आगामी विकास योजनाओं में शामिल करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने कहा कि “रुद्रपुर तेजी से विकसित हो रहा शहर है और इसके भविष्य को आकार देने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। ‘नई सोच, नया रुद्रपुर’ कार्यक्रम केवल एक संवाद नहीं, बल्कि शहर के विकास की नई दिशा तय करने का प्रयास है। हम चाहते हैं कि युवा अपनी कल्पनाओं, सुझावों और नवाचारों के साथ आगे आएं और रुद्रपुर को देश के अग्रणी स्मार्ट शहरों में शामिल करने में सहभागी बनें।”
उन्होंने कहा कि “आज का युवा केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र को नई दिशा देने वाला नेतृत्वकर्ता है। शिक्षा, तकनीक, स्वास्थ्य, पर्यावरण और शहरी विकास जैसे विषयों पर युवाओं के विचार सुनना और उन्हें योजनाओं में शामिल करना हमारी प्राथमिकता है।”
महापौर ने शहर के युवाओं, शिक्षकों, विद्यार्थियों और जागरूक नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि “आइए, हम सब मिलकर नई सोच के साथ नए रुद्रपुर का निर्माण करें और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करें।”




















