– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – नगर के वार्ड नंबर 37 स्थित दरियानगर में पिछले 50 से 60 वर्षों से रह रहे करीब 300 परिवारों के सामने बेघर होने का संकट बना हुआ है। इस समस्या को लेकर क्षेत्रीय लोगों ने विधायक शिव अरोरा से मुलाकात की। मामले की जानकारी मिलने पर विधायक ने विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जयकिशन को ज्ञापन सौंपकर मास्टर प्लान में दर्ज नलकूप भूमि को संशोधित कर आवासीय क्षेत्र घोषित करने की मांग की।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि जब तक मास्टर प्लान में संशोधन नहीं हो जाता, तब तक अतिक्रमण हटाने जैसी कोई कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए। विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मास्टर प्लान में संशोधन की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया।इस पहल से दरियानगर के 300 परिवारों में अपने आशियाने बचने की नई उम्मीद जगी है और लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान का रास्ता खुलता नजर आ रहा है।
विधायक शिव अरोरा का कहना है कि “दरियानगर के सैकड़ों परिवार दशकों से यहां निवास कर रहे हैं। उनकी समस्या को देखते हुए मैंने विकास प्राधिकरण से मास्टर प्लान में संशोधन कर इस भूमि को आवासीय क्षेत्र घोषित करने की मांग की है। हमारा प्रयास है कि इन परिवारों को बार-बार बेदखली के संकट का सामना न करना पड़े और भविष्य में उन्हें उनकी भूमि का वैधानिक मालिकाना हक भी मिल सके। जनहित से जुड़े इस विषय का सकारात्मक समाधान जल्द निकलेगा।”




















