– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर/सितारगंज – “अपराध मुक्त देवभूमि” अभियान के तहत ऊधमसिंहनगर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए IPL मैचों में मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना पुलभट्टा पुलिस और SOG रुद्रपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों सटोरियों को दबोच लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो आईफोन और 40 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर जिलेभर में ऑनलाइन सट्टे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी सितारगंज के निर्देशन में थाना पुलभट्टा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही थी।

23 मई 2026 को थाना पुलभट्टा पुलिस एवं SOG रुद्रपुर की संयुक्त टीम ने IPL मैचों में मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु रस्तोगी निवासी इस्लामनगर, सितारगंज और सौरभ कुमार निवासी कुँवरपुर सिसैया, सितारगंज के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 02 आईफोन और 40,000 नकद बरामद हुए हैं। बरामदगी के आधार पर थाना पुलभट्टा में FIR संख्या 85/2026, धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराध एवं ऑनलाइन सट्टेबाजी जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं को गलत रास्ते पर ले जाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




















