| इंडिया नज़र ब्यूरोरूद्रपुर – जनगणना 2027 के तहत चल रही तैयारियों के बीच अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने स्वयं ऑनलाइन स्व-गणना कर नागरिकों को इस प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने निर्धारित पोर्टल पर मकान सूचीकरण के अंतर्गत अपनी स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की।
एडीएम ने जानकारी देते हुए बताया कि ”जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। इस चरण में नागरिकों को ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा प्रदान की गई है, जिससे वे घर बैठे आसानी से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।”
उन्होंने बताया कि स्व-गणना की प्रक्रिया 10 अप्रैल से शुरू हो चुकी है और यह 24 अप्रैल तक जारी रहेगी। सभी नागरिक निर्धारित पोर्टल [https://se.census.gov.in](https://se.census.gov.in) पर जाकर अपनी स्व-गणना कर सकते हैं।
कौस्तुभ मिश्र ने जनसामान्य से अपील करते हुए कहा कि स्व-गणना केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का महत्वपूर्ण अवसर है। इससे न केवल देश की सटीक जनसंख्या और संसाधनों का आकलन होगा, बल्कि विकास योजनाओं को भी बेहतर दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।





















