


– इंडिया नज़र ब्यूरोकिच्छा – किच्छा विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई गति देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। विधायक तिलक राज बेहड़ के प्रयासों से राज्य योजना के अंतर्गत कुल 1.07 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली दो महत्वपूर्ण सड़कों को स्वीकृति मिल गई है। इन परियोजनाओं के लिए वित्तीय एवं प्रशासनिक मंजूरी भी जारी कर दी गई है, जिससे जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम रामेश्वरपुर में आंतरिक सड़कों का निर्माण सीमेंट कंक्रीट एवं ब्लॉक पेवमेंट के माध्यम से किया जाएगा। इस सड़क की कुल लंबाई 658 मीटर होगी, जिस पर लगभग 45.29 लाख रुपये की लागत आएगी।
इसके अलावा ग्राम दुपहरिया से श्मशान घाट तक जाने वाले 900 मीटर लंबे लिंक मार्ग का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिसकी लागत करीब 62.05 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इन दोनों सड़कों के बनने से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान होगा।
इस संबंध में विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि सड़कों का निर्माण किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला होता है। बेहतर सड़कें शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के अवसरों को सीधे प्रभावित करती हैं। उन्होंने कहा कि किच्छा विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और यह स्वीकृति उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने आगे बताया कि क्षेत्र में सड़क निर्माण का व्यापक अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है और प्रत्येक कार्य को गुणवत्ता के साथ, निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराया जाएगा। विधायक बेहड़ ने इन परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा लोक निर्माण विभाग के मंत्री सतपाल महाराज का आभार व्यक्त किया। इन सड़कों के निर्माण से न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा, बल्कि किच्छा क्षेत्र के समग्र विकास को भी नई रफ्तार मिलेगी।






















