


| इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – होली पर्व के दौरान रुद्रपुर के भूतबंगला क्षेत्र में मार्ग से टुक-टुक निकलने को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद मामला गरमा गया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष की महिला जब न्याय की गुहार लेकर रम्पुरा चौकी पहुंची तो वहां मौजूद सिविल ड्रेस में एक पुलिसकर्मी द्वारा उसके साथ अभद्रता और मारपीट किए जाने का आरोप सामने आया।
मामले की जानकारी मिलने पर रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा स्वयं रम्पुरा चौकी पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने दूरभाष पर कोतवाल से स्पष्ट कहा कि त्योहारों के दौरान माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए चार नामजद युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। वहीं महिला से अभद्रता के आरोप में संबंधित पुलिसकर्मी को विधायक के हस्तक्षेप के बाद लाइन हाजिर कर दिया गया।
विधायक शिव अरोरा ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में किसी भी धार्मिक या सामाजिक त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं और इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि है तथा किसी भी महिला के साथ अभद्र व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विधायक शिव अरोरा का कहना है कि “रुद्रपुर में किसी भी त्योहार या धार्मिक आयोजन में खलल डालने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दायित्व है कि वह हर नागरिक को न्याय और सुरक्षा दे। किसी भी महिला के साथ अभद्र व्यवहार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमारे क्षेत्र में सभी लोग अपने त्योहार शांति और पूरे उत्साह के साथ मनाएं, यह सुनिश्चित करना प्रशासन और समाज दोनों की जिम्मेदारी है।”
इस अवसर पर विक्की वाल्मीकि, राज कोली, महेश कोली, सुदामा कोली, विशाल कोली, चन्द्रसेन चंदा, सौरभ गुप्ता, बिट्टू शर्मा, मयंक कक्कड़, सन्नी पासवान, नमन चावला, आरती देवी, मंजू, प्रीति और सुजाता रानी सहित कई लोग मौजूद रहे।






















