
– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा/सिरौलीकला – सिरौलीकला को किच्छा से अलग कर स्वतंत्र नगर पालिका बनाए जाने और शीघ्र चुनाव कराए जाने की मांग को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने 16 फरवरी 2026 (सोमवार) को प्रातः 10:30 बजे नई किसान मंडी प्रांगण, किच्छा से उपजिलाधिकारी कार्यालय (तहसील भवन के निकट) तक शांतिपूर्ण जुलूस निकालने की घोषणा की है।
राजेश शुक्ला का कहना है कि राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सिरौलीकला को नगर पालिका का दर्जा दिया था, ताकि क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश में नगर पालिका चुनाव सम्पन्न होने के बावजूद किच्छा और सिरौलीकला में चुनाव न होना दुर्भाग्यपूर्ण है।

पूर्व विधायक का दावा है कि चुनाव न होने के कारण क्षेत्र में विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। यदि समय पर चुनाव हो जाते तो सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, पार्क और अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित करोड़ों रुपये की योजनाएं धरातल पर दिखाई देतीं।
उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से कानूनी अड़चनों के कारण सिरौलीकला को अपेक्षित विकास नहीं मिल सका। 18 फरवरी 2026 को हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई प्रस्तावित है, जिसे क्षेत्र के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया जा रहा है।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला का कहना है कि “सिरौलीकला की जनता विकास चाहती है। नगर पालिका का दर्जा क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए दिया गया था, लेकिन चुनाव न होने से योजनाएं अटकी हुई हैं। हम लोकतांत्रिक तरीके से अपनी जायज़ मांग रखेंगे। यह प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा। हमारा उद्देश्य किसी से टकराव नहीं, बल्कि सिरौलीकला के हक़ और सम्मान की रक्षा है।”
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर लोकतांत्रिक अधिकारों के समर्थन में आवाज़ उठाने की अपील की है। क्षेत्र में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर प्रशासन भी सतर्क है। अब सबकी नजर 18 फरवरी को होने वाली न्यायालयीन सुनवाई और उसके निर्णय पर टिकी हुई है।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला की सिरौली कला को लेकर मार्मिक अपील की हो रही है चर्चा
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने सिरौली कला को लेकर एक अपील जारी की है। जिसकी शुरुआत एक शेर ”जो हक़ का दीप जलाते हैं, वो आँधियों से नहीं डरते, जो अपने शहर से प्यार करें, वो साज़िशों में नहीं बिखरते। आज आवाज़ उठाने का है वक्त, चुप्पी अब गुनाह होगी, सिरौलीकला जागेगा, तभी विकास की सुबह होगी।।” से की गई है। इस अपील में उन्होंने अभी तक उनके द्वारा की गई कार्यवाही को लेकर सिरौली कला के नागरिको से अपील की है। जिसको लेकर काफी चर्चा हो रही है।





















