


– इंडिया नज़र ब्यूरो
रुद्रपुर – छात्रसंघ अध्यक्ष पद के नामांकन के दौरान रुद्रपुर डिग्री कॉलेज गेट पर हुई फायरिंग की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के सख्त निर्देश पर कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक, दानिश के पास से अवैध तमंचा बरामद किया गया है।
यह घटना 24 सितंबर 2025 को नामांकन प्रक्रिया के दौरान हुई, जब दो गुटों में कहासुनी इतनी बढ़ गई कि फायरिंग, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां तक दी गईं। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए। इस मामले में थाना रुद्रपुर पर मुकदमा संख्या 478/2025 दर्ज किया गया, जिसमें BNS की धाराएं 109, 125, 352, 190, 191 और 191(3) शामिल की गईं।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा के आदेश पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, गवाहों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने ब्लॉक रोड रुद्रपुर और बंसल धर्मकांटा, किच्छा रोड पर घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी और उनका आपराधिक इतिहास है, गिरफ्तार आरोपियों के नाम रखवीर सिंह (27 वर्ष), निवासी ग्राम ईश्नरपुर, थाना शीशगढ़, जिला बरेली (उ.प्र.) यह कई गंभीर मामलों में नामजद है, जिनमें गैंगस्टर एक्ट और फायरिंग की वारदातें शामिल हैं। दानिश निवासी वार्ड नंबर 29,आदर्श कॉलोनी, रुद्रपुर जिसके पास से एक अवैध तमंचा बरामद हुआ है।
यह पूर्व में हत्या और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज। गुरपेज सिंह (40 वर्ष) निवासी ग्राम नेताजी नगर, विजय नगर, दिनेशपुर। यह कई बार IPC की गंभीर धाराओं में नामजद है। साथ ही फसियापुर गोलीकांड में भी इसका नाम सामने आया है। इस पर रुद्रपुर फायरिंग प्रकरण के बाद आरोपियों को पैसा, गाड़ी और शरणउपलब्ध कराने का आरोप है।
इस मामले में जस्सी कचूरा, मनप्रीत उर्फ गोपी, अभय सक्सैना, चेतन मागढ़, सत्यम, गगन रतनपुरिया, विक्रम जानी भाटिया, प्रिंस शर्मा, हेमंत मिश्रा, चंदन यादव, रवि रावत, आकाश यादव, आशीष यादव समेत कई अन्य को नामजद किया गया है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा का कहना है कि “अपराधियों और अराजक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कॉलेज परिसरों और सार्वजनिक स्थलों पर शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। दोषियों के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर अब कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। एसएसपी के सख्त रुख ने छात्रों और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत किया है।





















