


– अज़हर मलिक काशीपुर – काशीपुर में शनिवार रात बिना अनुमति निकाले गए जुलूस के दौरान अचानक हुए उपद्रव ने शहर में सनसनी फैला दी। जुलूस के दौरान उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया और सरकारी वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने फौरी कार्रवाई करते हुए घटना के मुख्य मास्टरमाइंड सहित सात उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया है।
आपको बता दे कि 21 सितम्बर की रात कोतवाली काशीपुर के चौकी बाँसफोड़ान क्षेत्र के अल्लीखाँ चौक पर सपा नेता नदीम अख्तर ने करीब 400–500 लोगों के साथ सभा आयोजित की थी। सभा समाप्त होने के बाद भीड़ ने अचानक “I LOVE MOHAMMAD” के नारे लगाते हुए बैनर और पोस्टरों के साथ वाल्मीकि बस्ती की ओर जुलूस निकालना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और बिना अनुमति जुलूस निकालने पर आपत्ति जताते हुए भीड़ को तितर-बितर होने का निर्देश दिया। पुलिस के मना करने के बावजूद भीड़ ने आदेशों की अनदेखी की और पुलिस टीम पर अचानक हमला कर दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए उप निरीक्षक अनिल जोशी की ओर से नदीम अख्तर सहित लगभग 400 उपद्रवियों के खिलाफ कोतवाली काशीपुर में एफआईआर संख्या 417/25 दर्ज की गई है। इनमें धारा 190/191(2)/191(3)/232/121(1) 132/221/324(3)/351(2)/352 बीएनएस के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर मणिकांत मिश्रा ने रात में ही घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज व मोबाइल वीडियो खंगालने के निर्देश दिए। एसएसपी ने उपद्रवियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक काशीपुर और पुलिस उपाधीक्षक काशीपुर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया।

इस घटना के मुख्य मास्टरमाइंड नदीम अख्तर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अब तक कुल सात उपद्रवियों को पुलिस ने पकड़ा है और दस अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में मौ. अशद (18) पुत्र शहादत हुसैन, निवासी मझरा गली नं. 5, थाना काशीपुर, कामरान (19) पुत्र मौ. उवैध, निवासी लक्ष्मीपुर पट्टी मझरा, थाना काशीपुर, मोईन रजा (26) पुत्र निजामुद्दीन, निवासी मौ. मझरा वार्ड नं. 26, थाना काशीपुर, दानिश अली (28) पुत्र मौ. नबी, निवासी बाँसफोड़ान, थाना काशीपुर, नदीम अख्तर (47) पुत्र अब्दुल सत्तार, निवासी राजा कॉलोनी, निकट मंडी, थाना कुंडा अन्य दो की पहचान पुलिस द्वारा गोपनीय रखी गई है।

घटना के बाद प्रशासन ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। नगर निगम और बिजली विभाग ने अवैध गतिविधियों पर त्वरित कार्यवाही शुरू की है। वहीं, शांति व्यवस्था को देखते हुए धारा 163 बीएनएसएस लागू करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
जिले के एसएसपी मणिकांत मिश्रा का कहना है कि ”कानून व्यवस्था को किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होने दिया जायेगा। पुलिस पर हमला करने और सार्वजनिक शांति बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की कि वे शांति बनाए रखें, अफवाहों से दूर रहें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।”























