

– अज़हर मलिक
काशीपुर – गुरु नानक स्कूल में हुई शिक्षक पर फायरिंग की सनसनीखेज वारदात में पुलिस को अहम सफलता मिली है। मामले की जांच में नया मोड़ तब आया जब पुलिस ने आरोपी छात्र के पिता जगजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घर से तीन अवैध कारतूस बरामद किए हैं।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले नौवीं कक्षा के छात्र ने भौतिक विज्ञान के शिक्षक गगनदीप कोहली पर 315 बोर के तमंचे से फायरिंग कर दी थी। हमले में शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना के बाद मौके पर ही आरोपी छात्र को पकड़ लिया गया था और उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया था।
पिता का आपराधिक इतिहास उजागर
पुलिस पूछताछ में नाबालिग छात्र ने बताया था कि फायरिंग में इस्तेमाल किया गया तमंचा उसने अपने पिता का लंच बॉक्स में छिपाकर स्कूल लाया था। इसी आधार पर पुलिस ने उसके पिता जगजीत सिंह को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर अवैध कारतूस बरामद किए गए।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपी छात्र का पिता पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। वर्ष 2015 में उस पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ था, जिसके बाद उसे जेल भेजा गया था। पुलिस अब उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि की गहराई से जांच कर रही है।
नाबालिग छात्र को भेजा गया बाल संप्रेषण गृह
वहीं, आरोपी छात्र को पुलिस ने बाल संप्रेषण गृह भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि उसकी काउंसलिंग कराई जाएगी, ताकि वह मानसिक और सामाजिक रूप से सही दिशा में आगे बढ़ सके और इस घटना का दुष्प्रभाव उसके भविष्य पर न पड़े।























