

– ‘स्वच्छ भोपाल-स्वस्थ भोपाल’’ थीम पर प्रजेंटेशन का किया अवलोकन
रुद्रपुर – शहरी विकास विभाग की ओर से भोपाल और इंदौर में आयोजित चार दिवसीय ‘एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम’ के तहत रुद्रपुर नगर निगम के महापौर विकास शर्मा इन दिनों मध्य प्रदेश प्रवास पर हैं। कार्यक्रम के पहले दिन महापौर ने भोपाल की मेयर मालती राय से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मेयर राय ने उत्तराखंड से पहुंचे सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

मुलाकात के दौरान ‘शहरी निकायों के बीच आपसी सहयोग, अनुभव साझा करने और स्वच्छता प्रबंधन के नवाचारों’ पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके बाद ‘‘स्वच्छ भोपाल-स्वस्थ भोपाल’’ थीम पर आधारित एक प्रजेंटेशन प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से उत्तराखण्ड के निकाय प्रतिनिधियों को भोपाल नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था, अपशिष्ट प्रबंधन रणनीति, जनसहभागिता की भूमिका और सतत शहरी विकास से जुड़े प्रयोगों की जानकारी दी गई।
गौरतलब है कि इस चार दिवसीय अध्ययन दौरे के लिए उत्तराखण्ड से चुने गए 18 जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की टीम में रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा भी शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को न केवल भोपाल बल्कि इंदौर जैसे औद्योगिक और आधुनिक शहरों में लागू किए गए सफल शहरी विकास मॉडलों का प्रत्यक्ष अवलोकन करने का अवसर मिलेगा। इसमें स्वच्छता, यातायात प्रबंधन, कचरा निस्तारण, पेयजल आपूर्ति और हरित शहरी योजनाओं की गहन जानकारी दी जाएगी। साथ ही, स्थानीय निकायों के अधिकारियों और विशेषज्ञों से सीधा संवाद कर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का भी अवसर प्रतिनिधियों को मिलेगा।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि “भोपाल और इंदौर जैसे शहरों के सफल शहरी विकास मॉडल उत्तराखण्ड के नगर निकायों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। अध्ययन दौरे से प्राप्त अनुभवों और सीख को रुद्रपुर सहित अन्य शहरों में लागू करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे स्वच्छ, व्यवस्थित और आधुनिक शहरी जीवन की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।”























