

– विधायक तिलक राज बेहड़ का शिष्य हूँ, वो मेरे राजनीतिक गुरु है।
– क्षेत्र के विकास की लड़ाई लड़ने से पीछे नहीं हटूंगा।
किच्छा – पूर्व ब्लॉक प्रमुख रहे अरुण कुमार शुक्ला उर्फ़ किन्नू बाबा ने भी नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिये कांग्रेस प्रत्याशी बनने के लिये ज़ोरदार दावेदारी ठोक दी है। नगर पालिका क्षेत्र में उनके बैनर और पोस्टर चप्पे चप्पे पर नज़र आ रहे है। एक तरह से पोस्टर युद्ध में किन्नू बाबा ने बाज़ी मार ली है।
वैसे तो कांग्रेस से 18 दावेदारों ने कांग्रेस से टिकट माँगा है, नगर पालिका के आरक्षण में किच्छा नगर पालिका सामान्य घोषित हुई है। ऐसे में इस सीट पर भाजपा और कांग्रेस दोनों की निगाहें लगी हुई हैं। अभी वार्डो की आरक्षण की सूची भी आनी है, लेकिन सब प्रत्याशी अपने अपने दावे कर रहे है।
‘इंडिया नज़र’ से विशेष बातचीत में कांग्रेस के दावेदार प्रत्याशी अरुण कुमार शुक्ला ने कहा कि कुछ लोग उनको बाहरी प्रत्याशी बता रहे है, ”जबकि उनका बचपन से लेकर अब तक उनका हमेशा किच्छा से नाता रहा है वो 35 साल से भी ज़्यादा समय से किच्छा में व्यापार कर रहे है।”
उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस आलाकमान ने उनपर विश्वास जताया तो उनको निराश नहीं करेंगे और यह सीट कांग्रेस के पास रहेगी। कांग्रेस की सोच विकास की है, नगर पालिका क्षेत्र में विकास के नये द्वार खुलेंगे। उनको वर्षो का अनुभव है कि किस मद से कैसे पैसा मिलता है उसे लाकर वो अपने क्षेत्र का विकास करायेंगे।
‘इंडिया नज़र’ के गुरु शिष्य के सवाल पर अरुण कुमार शुक्ला ने कहा कि वो वर्तमान विधायक तिलक राज बेहड़ के शिष्य है और वो उनके राजनीतिक गुरु है। उनसे ही विकास की सीख ली है। सबका आशीर्वाद और साथ मिला तो वो क्षेत्र में ज़रूर विकास की जंग लड़ेंगे। फिलहाल तो उनका कहना है कि सभी लोग प्रार्थना और दुआ करे जिससे मेरा रास्ता मज़बूत बन सके।






















