
– अज़हर मलिककाशीपुर – चुनाव की सरगर्मियां तेज होते ही राजनीतिक दलों को भी अन्नदाताओं का दर्द सताने लगा है, लम्बे समय से अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे देश के अन्नदाताओं के समर्थन में आम आदमी पार्टी ने भी सुर मिलाने शुरु कर दिये हैं, किसानों के समर्थन में आम आदमी पार्टी 15 नवम्बर से 17 नवम्बर तक जनपद ऊधमसिंहनगर में किसान महारैली का आयोजन करने जा रही है, जिसमें पार्टी किसानों की मांगों के समर्थन में केन्द्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी में है।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और चुनाव संचालन समिति के प्रभारी दीपक बाली ने आम आदमी पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर बताया कि पार्टी हाईकमान के दिशा निर्देशों पर जनपद ऊधमसिंह नगर में पार्टी किसानों के समर्थन में बडी रैली निकालने जा रही है, जिसका आगाज जसपुर विधानसभा से 15 नवम्बर को किया जाएगा, और पूरे जिले की विधानसभाओं में रैली निकाल कर किसानों की तीन सूत्रीय मांगों के समर्थन में केन्द्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा, जिसका नेतृत्व भगवंत मान पंजाब के प्रभारी द्वारा किया जाएगा।
साथ ही पार्टी हाईकमान जल्द ही किसानों के लिए अपना घोषणा पत्र जारी कर देश के अन्नदाताओं को अपना समर्थन देगी, बाली ने बताया केन्द्र की सत्ता में बैठी सरकार सिर्फ सत्ता हथियाना जानती है, जनता के दर्द से भाजपा को कोई सरोकार नहीं है, महंगाई, बेरोजगारी और स्वास्थ्य सेवाएं जैसी बुनियादी सुविधाओं से भाजपा सरकार को कोई सरोकार नहीं है, जिसके लिए अब आम आदमी पार्टी जनता के हितों के लिए खुलकर बुनियादी मुद्दों की लडाई लडने को तैयार है।





















