
– इंडिया नज़र ब्यूरो
नई दिल्ली – उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मिलकर सिटी गैस वितरण परियोजनाओं का विस्तार देहरादून,हरिद्वार,ऊधम सिंह नगर व नैनीताल के पूर्ण नगर क्षेत्र और उससे लगे अर्द्ध नगरीय क्षेत्रों तक करते हुए राज्य में सिटी गैस परियोजना के कार्यो को शीघ्र पूरा कराने का अनुरोध किया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से ओएनजीसी देहरादून के अस्पताल को अपग्रेड कर 500 बेड का करने का आग्रह किया जिसपर केंद्रीय मंत्री ने इसके लिये निर्देश दिए है। यही नहीं इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने पर्वतीय क्षेत्रों की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए मासिक 1185 केएल मिटटी का तेल आवंटन करने का अनुरोध किया है,जिससे लोगो को राहत मिल सके। इन कार्यो को कएने का मुख्यमंत्री को केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आश्वासन दिया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ मुख्य सचिव ओम प्रकाश,अमित नेगी,श्रीमती राधिका झा,शैलेश बगोली,सुशील कुमार मौजूद थे।





















