
– इंडिया नज़र ब्यूरो
रूद्रपुर – विधायक राजकुमार ठुकराल ने अपने पिता स्व० खान चन्द्र ठुकराल की 9वीं पुण्य तिथि पर ईएसआई अस्पताल में ‘कोरोना सहायता समूह’ के सहयोग से संचालित किये जा रहे कोविड अस्पताल पहुंचकर कोरोना मरीजों के उपचार के लिए चिकित्सा उपकरण प्रदान किये। साथ ही ज़रुरत होने पर विधायक निधि से उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
विधायक राज कुमार ठुकराल ने ‘कोरोना सहायता समूह’ से जुड़े वरिष्ठ सदस्यों को अस्पताल में 12 ऑक्सीमीटर, 5 बीपी ऑपरेटर, 10 थर्मामीटर, 2 ग्लूकोमीटर आदि चिकित्सा उपकरण प्रदान किये। साथ ही उन्होंने कोरोना सहायता समूह द्वारा किये जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए अस्पताल का निरीक्षण कर मरीजों का हाल भी जाना। विधायक ने अस्पताल में चाक चैबंद व्यवस्थाओं की भूरि भूरि प्रशंसा की और मरीजों की सेवा में जुटे चिकित्सकों और चिकित्सा कर्मियों का हौंसला अफ़ज़ाई की।
उन्होंने कहा कि कोरोना सहायता समूह इस महामारी में लोगों की जिंदगी को बचाने के लिए सच्ची मानवता का फर्ज अदा कर रहा है। कोरोना सहायता समूह ने समाज सेवा की मिसाल पेश की है। जो काम कोरोना सहायता समूह कर रहा है, वह सच्ची सेवा की भावना से ही संभव हो सकता है। संकट के इस समय में इसी तरह मिल जुलकर काम करने की जरूरत है, तभी हम कोरोना से जंग जीत पायेंगे।
श्री ठुकराल ने कहा कि ईएसआई अस्पताल में 120 बैड का कोविड अस्पताल सबके सहयोग से संचालित करना और वहां पर मरीजों के इलाज से लेकर खाने पीने और मरीज को घर से लाने और घर तक छोड़ने तक की पूरी व्यवस्था निःशुल्क करना बहुत बड़ा काम है। इसकी जितनी तारीफ की जाये कम है।
श्री ठुकराल ने कहा कि कोरोना सहायता समूह को जहां भी मदद की जरूरत होगी वह हरसंभव मदद के लिए तत्पर रहेंगे। कोरोना मरीजों के उपचार के लिए संसाधनों की कमी नहीं आने दी जायेगी। सरकार के स्तर से यथा संभव सुविधायें उपलब्ध कराने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जायेगी। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि राजेश ग्रोवर, संजय ठुकराल, विक्की मुंजाल, आकाश बठला, राहुल गुप्ता ,चंदन भट्ट ,रोहित भट्ट,जगदीश पांडे आदि भी मौजूद थें।





















