
– अज़हर मलिकबाजपुर – गुरुद्वारा सिंह सभा में खालसा हेल्प इंटरनेशनल द्वारा अस्थाई कोविड केयर सेंटर का निर्माण किया गया है। जिसका गुरु की अरदास करने के उपरांत शुभारंभ किया गया। जहां वर्तमान स्थिति में 15 बेड स्थापित किए गए हैं, जिनमें ऑक्सीजन सिलेंडर और ऑक्सीजन कंसंट्रेटर लगाए गए हैं। इतना ही नहीं क्षेत्र के कोरोना संक्रमित मरीजों को निशुल्क उपचार ओर दवाइयां देने की भी व्यवस्था की गई है।
बाजपुर में कोविड केयर सेंटर की स्थानीय लोगों द्वारा लंबे समय से मांग की जा रही थी, लेकिन प्रशासन द्वारा आईटीआई कॉलेज में निरीक्षण करने के बाद भी कोविड केयर सेंटर नहीं बनाया गया था। जिसको लेकर किसान नेता जगतार सिंह बाजवा ने ऑक्सीजन मैन के नाम से जाने जाने वाले खालसा हेल्प इंटरनेशनल संस्था के गुरप्रीत सिंह रम्मी से बाजपुर में कोविड केयर सेंटर बनाए जाने और निशुल्क ऑक्सीजन लोगों को दिए जाने की मांग की।

जिसके चलते बाजपुर के गुरुद्वारा सिंह सभा में संस्था द्वारा अस्थाई कोविड केयर सेंटर का निर्माण किया गया। जिसका शुभारंभ किसान नेता जगतार सिंह बाजवा ने और संस्था के कोऑर्डिनेटर गुनीत सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
संस्था के कोऑर्डिनेटर गुनीत सिंह ने बताया कि वह विगत 2 वर्षों से कोरोनावायरस की मदद करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाजपुर में कोरोना संक्रमित मरीज को ऑक्सीजन और दवाओं का निशुल्क वितरण किया जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि कोविड केयर सेंटर में दो डॉक्टर और प्रशिक्षित स्टाफ 24 घंटे लोगों की सेवा में रहेगा।
किसान नेता जगतार सिंह बाजवा ने बताया कि गुरुद्वारा सिंह सभा में बने कोविड केयर सेंटर में 30 बेड लगाए जाएंगे, लेकिन अभी वर्तमान स्थिति में 15 बेड स्थापित कर दिए गए हैं और ऑक्सीजन सिलेंडर से लेकर ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की भी व्यवस्था की गई है। जिससे किसी को कोई परशानी न हो।





















